बार्डर के मुंजहा के ग्रामीणों और व्यापारियों के साथ हुई बीते मंगलवार की रात लूट की घटनाओं से क्षेत्र में दहशत है। उधर पुलिस ने घटना के बावत पीलीभीत जिले के व्यापारी असलम खां और मुंजहा की माया देवी की तहरीर पर लूट की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
बताते चलें कि ग्राम पंचायत बनवीरपुर के मजरा गांव मुंजहा में बीते मंगलवार को अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने धावा बोलकर लाखों रुपये का माल लूट लिया था। इसके बाद बरसोला तिराहे पर टिके सात व्यापारियों से करीब दो लाख रूपये की लूट को अंजाम दिया था। इन घटनाओं से क्षेत्र में दहशत व्याप्त हो गई है।
कोतवाली प्रभारी जन्मेजय सचान ने बताया कि ग्राम मुंजहा के ग्रामीणों और व्यापारियों से हुई लूट की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। दोनों घटनाओं की तेजी से जांच शुरू कर दी गई है। बदमाशों की खोज में तीन पुलिस टीमों को संभावित ठिकानों पर दबिश के लिए भेजा गया है। उन्होंने घटना का शीघ्र खुलासा करने का दावा किया है।