थाना क्षेत्र के जैतापुर में पिटाई से गंभीर रूप से घायल शिक्षामित्र की इलाज के दौरान लखनऊ में मौत हो गई। मृतक के पिता ने हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। हालांकि अभी रिपोर्ट दर्ज नहीं दर्ज की गई है। जैतापुर निवासी 25 वर्षीय शिक्षामित्र श्रवण आठ सितंबर को विद्यालय की पुताई का सामान लेने लखीमपुर गया था। लखीमपुर से वापस आते समय ओदरहना गांव के पास उसकी बाइक एक साइकिल से टकरा गई। जिसके बाद नाराज ग्रामीणों ने उसकी पिटाई कर दी थी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। सूचना मिलने पर श्रवण के पिता जगन्नाथ ने मौके पर पहुंचकर गांव के संजय वर्मा की मदद से उसे लखीमपुर में भर्ती कराया था। गंभीर हालत में श्रवण को लखनऊ रेफर कर दिया गया, जहां सोमवार की रात को उसकी इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। श्रवण के पिता ने ओदरहना गांव के कुछ लोगों को नामजद करते हुए पुलिस को तहरीर दी है और हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है, लेकिन अभी रिपोर्ट नहीं लिखी है।