मथुरा से गौरीफंटा जा रही शाहजहांपुर डिपो की रोडवेज बस तड़के भीरा रोड पर कुरियानी गांव के पास एक पेड़ से टकरा गई। दुर्घटना में कंडक्टर और पांच नेपाली यात्री घायल हो गए, जिनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं।
रोडवेज बस मथुरा से गौरीफंटा जा रही थी। तड़के 5.30 बजे कुरियानी गांव के पास असंतुलित होकर बस रोड के किनारे खड़े एक पेड़ से जा टकराई, जिससे बस का बायां भाग क्षतिग्रस्त हो गया। इस दुर्घटना में बस में सवार नेपाल के जिला सुरकेत के बहराइच निवासी तुला कांडिला (62), चंद्रा कांडिला (35), पाटिला रोड निवासी जक्ती राम लग्याल (40), उनके भाई हरई (40), गुरु आऊजी (46) निवासी मोहल्ला तुलसीपुर थाना सुक्कड़, जिला कैलाली, सेते ढाली (38) निवासी शेरा गाविस जिला मुगलसेन और बस कंडक्टर सुखेंद्र सिंह निवासी गोटा थाना भोगांव मैनपुरी घायल हो गए। घटना के बाद चालक अनूप शुक्ला निवासी वलीपुर पट्टी फर्रुखाबाद मौके से फरार हो गया। समझा जाता है कि चालक को तड़के नींद आ जाने से यह हादसा हुआ। सूचना पर पहुंचे दरोगा महेश गंगवार ने घायल नेपाली यात्रियों को सीएचसी पलिया इलाज के लिए भेजा।
बड़ा हादसा टला
मैलानी। जिस तरह रोडवेज बस पेड़ से टकराई, उसे देखते हुए बड़े हादसे का अंदाजा लगाया जा रहा था। गनीमत यह रही कि बड़ा हादसा टल गया। समझा जा रहा है कि सड़क के नीचे उतरने पर नींद में आ गए चालक की नींद खुल गई और उसने ब्रेक लगा दिया। यही नहीं दुर्घटनास्थल से पहले एक गहरा गड्ढा भी था। बस गड्ढे में चली जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था।