शनिवार आधी रात के बाद कोतवाली सदर की हवालात से भागे डकैती के आरोपी को पुलिस ने रविवार की शाम होने से पहले ही दोबारा पकड़ लेने का दावा किया। एसपी अरविंद सेन ने भी कहा कि वह भागा नहीं था। उसे पूछताछ के लिए लाए थे और छोड़ दिया गया था, अब फिर ले आए हैं।
बता दें कि शहर के राजाजीपुरम में शुक्रवार की रात मयंक कुमार दीक्षित के घर धावा बोलकर सशस्त्र बदमाशों ने लाखों की नगदी-जेवर की लूट की थी। मामले में पुलिस ने रात में कार्रवाई करते हुए इसी मोहल्ले के एक जिला बदर अपराधी को उसके घर से हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी थी। बाद में उसे हवालात में बंद कर दिया गया। पकड़े गए आरोपी की बावत शनिवार को शहर कोतवाल शिवशंभू किशोर जायसवाल ने बताया था कि आरोपी पर आधा दर्जन से अधिक मुकदमे हैं और वह हाल में ही जेल से छूट कर आया था।
रविवार को जब आरोपी हवालात से गायब मिला। हवालात देखने पर पता चला कि आरोपी ने भागने के लिए हवालात की नीचे की सरिया को मोड़कर उसे फैला दिया था। अपनी खामी छिपाने के लिए पुलिसकर्मियों ने मोड़ी गई सरिया को सीधी करने के लिए ईंट रख दी थी। जानकारी मिलने पर एसपी को ने कोतवाली पुलिस पर कड़ाई की। पुलिस दिन भर भागे बदमाश की तलाश में लगी रही और शाम होने से पहले उसे दबोच लिया।
शहर कोतवाल शिवशंभू किशोर जायसवाल ने बताया कि कोतवाली की हवालात तोड़कर किसी अपराधी के भागने की बात गलत है। जिसे भागना बताया जा रहा था, उसे पूछताछ के बाद छोड़ा गया था। मामला चर्चा में आने के बाद उसे फिर पकड़ लाए हैं।