रविवार की शाम नौगवां में विशनुपुर मार्ग किनारे एक ओवरलोड गन्ना भरी ट्राली पलट गई। इसमें चालक और राहगीर बाल बाल बच गए।
चीनी मिल के क्षेत्र में दर्जनों गन्ना क्रय केंद्र हैं, जिन पर लाखों क्विंटल गन्ना तौला जाता है। ज्यादा कमाई के चक्कर में ठेके पर चल रहे वाहन नियम कानून को ताक पर रखकर एक ट्रैक्टर में दो-दो ट्रॉली जोड़कर ट्रक, ट्रॉलों की क्षमता से अधिक गन्ना भरकर मार्ग पर फर्राटा भरते हैं। यह वाहन तो पलटते ही हैं साथ में लोगों को काल के गाल में समाने का काम कर देते हैं। शनिवार को नौगवां में गन्ना भरी ओवरलोड ट्रॉली पलटने के 24 घंटे बाद ही रविवार की शाम नौगवां के विशनुपुर मार्ग पर एक गन्ना भरी ट्रॉली पलट गई। इसमें चालक के साथ गुजर रहे कई राहगीरों की जान बच गई। ग्रामीणों ने डीएम से ओवरलोड वाहनों पर रोक लगाने की मांग की है।