हैदराबाद थाना क्षेत्र के गांव रोशननगर निवासी 20 वर्षीय सुरेश कुमार शनिवार को बाइक से शाहजहांपुर की ओर जा रहे थे। उनके साथ बाइक पर शाहजहांपुर के पुवायां थाने के गांव देवरिया निवासी अरविंद भी बैठे थे। मोहम्मदी बस अड्डे के पास लकड़ी भरे ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी, जिसमें दोनों बाइक सवार गंभीर रुप से घायल हो गए। दोनों को सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां सुरेश की गंभीर हालत देखते हुए डाक्टर ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल लाते समय रास्ते में ही सुरेश ने दम तोड़ दिया। अस्पताल के डाक्टरों ने भी उसकी नब्ज देखकर मृत घोषित कर दिया।