दुराचार के बाद हत्या के मामले में परिवारीजनों को पहली बार 10 लाख रुपये की आर्थिक मदद देने का ऐलान किया गया है। डीएम किंजल सिंह ने दुराचार और हत्या के एक मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री की महत्वाकांक्षी योजनाओं में एक रानी लक्ष्मीबाई महिला सम्मान कोष नियमावली 2015 के तहत योजना का शुभारंभ किया और परिवारीजनों को मदद देने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट को आधार बनाया। ऐसे पहले मामले में जिले में गठित जिला संचालन समिति में मुख्य चिकित्साधिकारी की ओर से नामित डॉ. यामिनी बादल, पुलिस की ओर से एएसपी को नोडल अधिकारी नामित किया गया। जिला संचालन समिति की ओर से आर्थिक मदद देने संबंधी स्वीकृत पत्र राज्य संचालन समिति को भेजा गया। शीघ्र ही खाते में धनराशि भेज दी जाएगी। महिला कल्याण विभाग की विशेष सचिव द्वारा अवगत कराया गया कि धनराशि भेजने की सूचना डीएम किंजल सिंह और जिला प्रोबेशन अधिकारी वीके सिंह के मोबाइल पर एसएमएस के जरिए दी जाएगी। जिला प्रोबेशन अधिकारी वीके सिंह ने बताया कि शुक्रवार को सदर विधायक उत्कर्ष वर्मा के जिला अस्पताल स्थित कैंप कार्यालय पर परिवारीजनों को स्वीकृत पत्र सौंपा गया।