मोहल्ला काशीनगर में एक बंद मकान से लाखों की चोरी का मामला सामने आया है, जिसमें गृहस्वामी ने 28 हजार की नकदी समेत करीब चार लाख कीमत के जेवर-सामान के चोरी हो जाने की सूचना पुलिस को दी है। पुलिस ने चोरी की घटना को संदिग्ध करार देते हुए कहा है कि गृहस्वामी के खिलाफ एक हफ्ते पूर्व ही हत्या का मुकदमा दर्ज हो चुका है।
काशीनगर निवासी विनोद कुमार के मकान पर किराए पर रह रहे ठेकेदार भूखनराम वर्मा परिवार समेत ईसानगर क्षेत्र के पैतृक गांव मोहम्मदापुर सेखनापुर गए हुए थे। गृहस्वामी के मुताबिक बुधवार की सुबह पड़ोसियों ने घर में चोरी होने की सूचना दी थी, जिसके बाद घर वाले लखीमपुर पहुंचे। घरवालों ने पुलिस को सूचना दी है कि चोरों ने 28 हजार की नकदी, जेवर समेत करीब चार कीमत का सामान चोरी कर लिया है। खास बात यह है कि चोरों ने तालों को तोड़ा नहीं है, बल्कि चाबी से खुले पाए गए हैं। राजापुर पुलिस चौकी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, तो मामला संदिग्ध प्रतीत हुआ, क्योंकि अमूमन चोर कीमती चीजें उठाते हैं। वहीं घरवालों ने चोरी गए सामान की एक लिस्ट तैयार की। जिसमें लोटा, बेडशीट, परदे, सुई धागा आदि चोरी होने की बात कही गई है। सबसे खास यह है कि हड़बड़ाहट में लिस्ट बनाने वाले ने सुई धागा की कीमत 15 हजार रुपये लिखी है।
शहर कोतवाल दुर्गेश चंद्र श्रीवास्तव के अनुसार मामला संज्ञान में है। गृहस्वामी रामभूखन मोहल्ला काशीनगर निवासी 16 वर्र्षीय अंकित हत्याकांड में मुख्य आरोपी है, जिसके खिलाफ जांच जारी है। प्रथम दृष्टया घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है, क्योंकि जांच में पता चला हैै कि कुछ दिन पहले ही घर वाले सामान भरकर कहीं और ले जा चुके हैं। अब वादी पक्ष के खिलाफ पेशबंदी करने का प्रयास प्रतीत हो रहा है। पूरे मामले की जांच कराई जा रही है।