कोतवाली क्षेत्र के गांव अलीनगर में विवाहिता ने केरोसिन छिड़कर आग लगा ली, उसे शाहजहांपुर के अस्पताल में लेजाया जा रहा था तभी रास्ते में मौत हो गई। घटना की सूचना पर मृतका की मां श्यामा देवी गांव पहुंच गई है।
पुलिस के अनुसार गांव के विवेक वर्मा का विवाह वर्ष 2006 में शाहजहांपुर जिले के पुवायां थाने के गांव उमरचढ़ा के रमेश चंद्र की पुत्री रिंकी के साथ हुआ था, उसके दो बच्चे लव (6) और कौशल (4) है। इधर, कुछ दिनों से विवेक शाहजहांपुर में कथित प्रेमिका के साथ रहने लगा, सोमवार की शाम वह अपनी प्रेमिका को लेकर गांव आया था, जिस पर खासा विवाद हो गया। इसी तनाव के चलते बुधवार को उसकी पत्नी रिंकी (28) ने केरोसिन छिड़कर आग लगा ली, जिससे घर में कोहराम मच गया, उसे आनन-फानन में इलाज के लिए शाहजहांपुर ले जाया गया, पर अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया। इधर मौका पाकर कथित प्रेमिका गांव से रफूचक्कर हो गई। मृतका के पिता हरिद्वार में नौकरी करते हैं जिन्हें सूचना दी गई है जबकि मां श्यामा देवी गांव पहुंच गई है। बहरहाल दोनों पक्षों में समझौते का प्रयास किया जा रहा है जिस कारण शाम तक शव का अंतिम संस्कार नहीं हो पाया था।