हैदराबाद थाना क्षेत्र के गांव इमलिया में दबंगों ने एक दलित महिला को उधार सामान न देने पर घर में बंद कर परिवार सहित जलाकर मारने की धमकी दी है।
थाना क्षेत्र के गांव इमलिया निवासी ओमप्रकाश ने बताया कि वह गांव में परचून की दुकान कर परिवार का भरण पोषण करता है। सुबह नौ बजे दुकान पर उसकी पत्नी सितारा देवी थी। उसी समय गांव के ही दो लोग उधार में सामान लेने आए, जबकि उनपर पहले से ही उधारी का रुपया बाकी था, उधार देने से मना करने पर उन्होंने जाति सूचक गालियां देते हुए उसकी पत्नी और बच्चों को घर के अंदर बंद कर परिवार सहित जलाकर जान से मारने की नीयत से लकड़ी दरवाजे पर लगा दी। शोर सुनकर गांव के लोग एकत्र हो गए और सूचना पाकर ग्राम प्रधान के प्रतिनिधि अनुमोद वर्मा भी मौके पर पहुंच गए। भीड़ को देखकर वे दोनों धमकी देते हुए चले गए। तहरीर पुलिस को दे दी गई है।