चालक सिंधौली से एक परिवार को लेकर आया था गोला
पुलिस ने नहीं लिखी रिपोर्ट, मालिक और चालक को टरकाया
सीतापुर जिले के कसबा सिंधौली निवासी जसप्रीत सिंह की बुलेरो 30 दिसंबर को लूट ली गई। चालक को नशीली चाय पिलाकर घटना को अंजाम दिया गया। दो जनवरी को कोतवाली में रिपोर्ट लिखाने आए गाड़ी मालिक और चालक के पुलिस ने टरका दिया।
बुलेरो मालिक कसबा सिंधौली निवासी जसप्रीत सिंह ने पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि 30 दिसंबर को थाना कमलापुर के गांव गुल्लर ताली निवासी चालक कमल किशोर बुलेरो लेकर सिंधौली से गोला आ रहा था। सिंधौली के बाहर उसे एक परिवार ने गोला चलने को कहा। चालक ने परिवार को बुलेरो में बैठा लिया। शाम को गोला पहुंचने पर महिला ने लखीमपुर रोड पर शहनाई गेस्ट हाउस के सामने बुलेरो रुकवा ली और अंदर बैठे उसके साथी युवक ने उसे अपनी केतली से चाय पीने को दी। चाय पीने के बाद चालक को चक्कर आ गया। चालक के बदहवास होने पर युवक स्वयं गाड़ी चलाने लगा। गोला शहर से दूर ले जाकर चालक को नीचे उतार दिया और बुलेरो लेकर फरार हो गया। चालक होश आने पर कोतवाली आया और रात आठ बजे गाड़ी मालिक जसप्रीत को जानकारी दी। दो दिन बाद एक जनवरी को हालत सामान्य होने पर बुलेरो मालिक जसप्रीत ने कौशल के साथ सिंधौली थाना जाकर रिपोर्ट लिखानी चाही लेकिन वहां उन्हें घटना गोला की बताकर टरका दिया गया। आरोप है कि जब वह गोला कोतवाली में आए तब भी पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने के बजाए तहरीर तक लेने से मना कर दिया।
कोतवाली एसएसआई सत्यप्रकाश यादव ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है, चालक के बताए गए स्थान पर जाकर पूछताछ की गई है लेकिन कुछ भी पता नहीं चल सका है।