मायके वालों ने लगाया खाने में जहर देकर मार डालने का आरोप
थाना मितौली क्षेत्र के गांव नगरा निवासी संजय शुक्ला की 25 वर्षीय पत्नी ने संदिग्ध हालात में जिला अस्पताल में दम तोड़ दिया। । मायके वालों का आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुराल वालों ने खाने में जहर मिलाकर विवाहिता को दे दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
थाना फूलबेहड़ के गांव श्रीनगर निवासी करुणेश तिवारी ने बताया कि उनकी बहन संता देवी की शादी करीब पांच साल पहले थाना मितौली के गांव नगरा निवासी संजय शुक्ला के साथ हुई थी। शादी के कुछ साल बाद ससुराल के लोग दहेज में एक लाख रुपये नकद और बाइक की मांग करने लगे। उन्होंने मांग पूरी करने में जब असमर्थता जताई तो ससुरालवाले उसकी बहन को मारपीट कर प्रताड़ित करने लगे। सोमवार की रात करीब 12 बजे किसी तरह से बहन ने उसे मोबाइल पर कॉल कर बताया कि उसे खाने में जहर मिलाकर खिला दिया गया है, जिससे उसकी हालत बिगड़ रही है।
ससुराल वालों को जब इस बात का पता चला कि मामले की जानकारी मायके वालों को हो गई तो आरोपियों ने बहन को जिला अस्पताल में लाकर भर्ती कराया, जहां बहन ने दम तोड़ दिया। मौत होने के बाद ससुराल वाले शव छोड़कर भाग निकले। वह लोग जब अस्पताल पहुंचे तो बहन की ससुराल का कोई व्यक्ति नहीं मिला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।