उचौलिया कस्बे के मजरा रूरा में दो मकानों से बरामद करीब साढ़े तीन हजार लीटर अवैध अल्कोहल के साथ ही फर्जी पहचान पत्र समेत विभिन्न कागजात भी मिले हैं। पुलिस ने आबकारी निरीक्षक परमहंस कुमार की तहरीर पर आरोपी रूरा निवासी यासीन पुत्र खुमान और यासीन पुत्र बदरुद्दीन निवासी नई बस्ती के विरुद्ध फर्जी दस्तावेज बनाने, अपमिश्रण करने और अवैध शराब बेचने संबंधी धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
मंगलवार को आबकारी विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में कस्बे के मजरा रूरा के निकट दो मकानों से भारी मात्रा में ड्रम और केन में भरा अल्कोहल मिला था। छापामारी के दौरान पुलिस को यासीन पुत्र बदरुद्दीन के नाम का फर्जी पहचान पत्र और बैंक पासबुक भी मिली थी। दोनों मकानों में एक मकान कस्बे के मजरा रूरा निवासी यासीन पुत्र खुमान का है। पुलिस ने आबकारी निरीक्षक परमहंस कुमार की तहरीर पर यासीन पुत्र खुमान निवासी रूरा और यासीन पुत्र बदरुद्दीन निवासी नई बस्ती के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। वहीं मौके से बरामद अल्कोहल के स्प्रिट होने की आशंका जताई गई है, जिसकी पुष्टि के लिए नमूने जांच के लिए भेजे हैं।
संगठित गिरोह था सक्रिय
उचौलिया। मंगलवार को पकड़ी गई अवैध अल्कोहल के धंधे में अनेक लोग सक्रिय थे। टैंकर से माल आने से लेकर उसे सुरक्षित रखवाने और फिर धीरे-धीरे सप्लाई करने के काम में एक संगठित गिरोह काम कर रहा था। इस काम में चौपहिया वाहन भी इस्तेमाल किया जाता था। सूत्राें के मुताबिक यह काम कई महीनों से चल रहा था। मंगलवार को जब छापामारी की कार्रवाई गई तो यह मामला पकड़ में आ सका।