फार्म हाउस समेत दो घरों में डाका, खेत में किसान से की लूटपाट
पिटाई कर नकदी-जेवर समेत ढाई लाख का सामान लूटा
विरोध करने पर महिला को बांका मारकर किया घायल
आईजी, डीआईजी समेत जिले के पुलिस अफसर रात में सड़कों पर फर्राटा भरते रहे। पुलिस की गाड़ियां हाईवे से लेकर गली-मोहल्लों में भी हूटर बजाते हुए दौड़ती रहीं, लेकिन बदमाशों को पुलिस का कतई भय नहीं रहा। बेखौफ बदमाशों ने शनिवार की रात शहर की एलआरपी चौकी क्षेत्र में सीतापुर रोड स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप के निकट एक फार्म हाउस पर धावा बोल दिया और चौकीदार को बंधक बनाकर पिटाई की और हजारों रुपये का सामान लूट ले गए। कुछ दूर स्थित किशोरनगर कॉलोनी के एक घर में धावा बोल दिया। बदमाशों ने विरोध करने पर गृहस्वामी की पत्नी ऊषा देवी के सिर पर बांका मार दिया, जिससे वह लहूलुहान हो गईं। बदमाश यहां से नगदी-जेवर समेत दो लाख का सामान लूट ले गए। उधर, खेत की रखवाली कर रहे छाउछ निवासी कल्लू वर्मा की पिटाई कर लूटपाट की।
शहर के कंचनपुरी निवासी रेनू पांडेय का सीतापुर रोड पर स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप के पास फार्म हाउस है, जिसकी देखरेख चौकीदार रामू करता है। चौकीदार रामू ने बताया कि शनिवार की रात करीब 12 बजे सात बदमाश फार्म हाउस में घुस आए। उसे तमंचों के बल पर बंधक बना लिया और पिटाई की। बदमाशों ने उसके पास रखी दो हजार की नगदी, साइकिल, मोबाइल लूट लिया। बदमाशों ने मालिक की खड़ी लग्जरी कार क्षतिग्रस्त कर दी और उसमें लगी टीवी, सेटअप बॉक्स भी लूट ले गए। सुबह टीवी पास के स्थित एक खेत में क्षतिग्रस्त मिली। इसके बाद बदमाशों ने कुछ दूरी पर स्थित मोहल्ला किशोरनगर निवासी रामकुमार श्रीवास्तव के घर दीवार कूदकर घुस गए। यहां भी बदमाशों की संख्या सात थी। बदमाशों ने परिवार वालों को असलहों के बल पर बंधक बना लिया और एक कमरे में बंद कर दिया। इस दौरान गृहस्वामी की पत्नी ऊषा देवी ने विरोध किया तो बदमाशों ने उनके सिर पर बांका मार दिया, जिससे वह घायल हो गई। बदमाश घर से 25 हजार रुपये की नगदी, दो जोड़ी टॉप्स, सोने के कुंडल, तीन जोड़ी पायल, साइकिल समेत करीब दो लाख का सामान लूट ले गए। बदमाश सभी को कमरे में बंद कर भाग निकले। किसी तरह से दरवाजा खोलकर परिवार के लोग बाहर निकले और शोर मचाया। शोर शराबे पर आसपास के लोग एकत्र हो गए और घटना की सूचना पुलिस को दी, पुलिस मौके पर पहुंची और बदमाशों की तलाश की, लेकिन कोई पता नही चल सका। दोनों घटनाओं की तहरीर सदर कोतवाली पुलिस को दी गई है, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
रखवाली कर रहे किसान की पिटाई कर की लूटपाट
लखीमपुर खीरी। शहर से सटे गांव छाउछ निवासी कल्लू वर्मा का गांव के ही निकट खेत है। वह अपने खेत में लगी फसल की रखवाली कर रहे थे। रात करीब सवा बजे सात बदमाशों ने उसे दबोच लिया और पिटाई कर बदमाश उसके पास से 13 सौ रुपये, टार्च और मोबाइल लूट ले गए। पास के मकानों में रहने वाले लोगों को बदमाशों के होने की आहट मिली तो उन्होंने इसकी जानकारी एसपी को दी। एसपी की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने बदमाशों की सुरागरसी की, लेकिन कोई पता नहीं चला।
रात में ही पुलिस तीनों जगहों पर गई थी। घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है। तहरीरें मिलीं हैं, जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस बदमाशों की सुरागरसी कर रही है।
निर्मल कुमार विष्ट, सीओ सिटी