पीलीभीत और लोहाघाट की युवतियों से लूटा सामान बरामद
जीआरपी ने सदर कोतवाली के गांव चंदपुरा निवासी अंसार अली उर्फ राका उर्फ शेरू को गिरफ्तार कर लोहाघाट (चंपावत) निवासी नेहा द्विवेदी और पीलीभीत के मोहल्ला अशरफ खां निवासी बिया खान के साथ हुई लूटपाट की घटना का खुलासा कर दिया है। जीआरपी ने लूटा गया टेबलेट और 27 सौ रुपये बरामद करने का दावा किया है। पकड़े गए आरोपी पर जीआरपी सीतापुर, लखीमपुर और सदर कोतवाली में कुल सात आपराधिक मामले दर्ज हैं।
जीआरपी एसओ राघवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मीना बाजार लोहाघाट निवासी नेहा द्विवेदी अपने पिता एके द्विवेदी और भाई के साथ 21 अप्रैल को नैनीताल एक्सप्रेस से टनकपुर जा रहीं थी। रात करीब दो बजे मैलानी से जब ट्रेन छूटी तो लुटेरे ने युवती का पर्स लूट लिया था। पर्स में एटीएम कार्ड, आधार कार्ड और कुछ रुपये थे। पर्स लूटने के बाद लुटेरे ने लखीमपुर शहर में स्थित आईडीबीआई बैंक के एटीएम से 15 हजार और एक्सिस बैंक के एटीएम से 10 हजार रुपये निकाल लिए थे। छह मई को नैनीताल एक्सप्रेस में ही पीलीभीत जिले की सदर कोतवाली के मोहल्ला अशरफ खां निवासी साजिद बहादुर खान की भतीजी बिया खान का पर्स लूट लिया था। जिसमें टेबलेट और छह हजार की नकदी थी। जीआरपी ने दोनों मामलों की रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। एसओ ने बताया कि शनिवार को पकड़ा गया आरोपी अंसार अली टेबलेट बेचने के लिए शहर आया था। मुखबिर की सूचना पर जीआरपी ने उसे मालगोदाम के पास से गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से लूटा गया टेबलेट और 27 सौ रुपये की नकदी भी बरामद हुई है। जीआरपी ने आरोपी का चालान कर दिया है।