थाने पहुंचा मामला, आरोपी शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की मांग
थाना क्षेत्र के कस्ता कस्बे में संचालित एक मदरसे में महिला शिक्षक ने चार वर्षीय मासूम की बर्बरता से पिटाई कर दी। जानकारी होने पर परिवार वाले मदरसा पहुंचे, तो शिक्षका फरार हो गई। परिवार वाले पीड़ित बच्चे के साथ थाने पहुंचे और शिक्षक के खिलाफ शिकायत कर कार्रवाई की मांग की।
टिकरिया गांव निवासी वीरू का चार वर्षीय पुत्र कृष्णा कस्ता कस्बे में संचालित हकीरा गाजिया आधुनिक मदरसा में नर्सरी की छात्र है। आरोप है कि बुधवार को मदरसे में पढ़ाई के दौरान शिक्षका ने बच्चे को इस कदर पीटा कि वह मौके पर ही बेहोश हो गया। इससे घबराए स्टाफ ने उसका प्राथमिक उपचार भी कराया। जानकारी मिलने पर विद्यालय पहुंचे अभिभावकों ने महिला टीचर से संपर्क करना चाहा, तो वह स्कूल से नदारद मिली। बच्चे के पिता ने मोबाइल पर टीचर से संपर्क किया, तो उसने अनभिज्ञता जाहिर करते हुए अपना पल्ला झाड़ने का प्रयास किया। इससे गुस्साए परिवार वाले बच्चे को लेकर मितौली थाने पहुंचे। एसओ रामकुमार यादव ने कहा है कि मामला संज्ञान में है। आरोपी शिक्षक के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।