भूमि के विवाद में कस्बे में हुई मारपीट में एक महिला के हाथ में चोट लग गई। सूचना पर पहुंचे चौकी प्रभारी रामसिंह पवार ने मौके पर जाकर मौजूद सैकड़ों लोगों की भीड़ को तितर-बितर कर चार लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है। चौकी प्रभारी रामसिंह पवार ने बताया कि कस्बा निवासी रामसेवक गुप्ता के पुत्र प्रवीन की पत्नी पूनम गुप्ता अपने मकान के पास दीवार बनवा रहीं थीं। जबकि, पड़ोस में रहने वाले हरनाम सिंह ने इस पर आपत्ति जताते हुए दीवार उठाने से मना किया। चौकी प्रभारी के मुताबिक न मानने पर हरनाम सिंह ने दीवार क्षतिग्रस्त कर दी। इसी दौरान पूनम गुप्ता के हाथ में चोट लग गई। इसके बाद पूनम गुप्ता ने चौकी पर जाकर चौकी प्रभारी को मामले से अवगत कराया। चौकी प्रभारी रामसिंह पवार ने बताया कि पूनम गुप्ता ने थाना दिवस में इस संबंध में एक प्रार्थना पत्र दिया था। इसमें एसडीएम के आदेश पर उन्होेंने लेखपाल से पैमाइश कराई थी। इसके बाद पूनम गुप्ता वहां दीवार उठा रहीं थी। इस जगह का दो बार बैनामा किया गया। जिसके कारण वहां विवाद की स्थिति उत्पन्न हुई। हरनाम सिंह समेत चार के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है।