कई पशु भी चपेट में आए, हजारों रुपये का नुकसान
अलग-अलग स्थानों पर आग लगने की घटनाओं में 50 घर जलकर राख हो गए तो कई पशु भी आग की भेंट चढ़ गए। अग्निकांडों में हजारों रुपयों का नुकसान हुआ है।
मितौली। ब्लाक के लोहिया गांव रौतापुर में अज्ञात कारणों से लगी आग में 26 घर जलकर राख हो गए। तेज हवाओं के कारण हरद्वारी के घर से लगी आग से गांव के सुंदर लाल, मुन्ना लाल, कमलेश, हरी प्रसाद, राम दुलारे, लालता प्रसाद, राम कुमार, राम विलास, प्रेम चंद्र, सुधीर कुमार, सुधीर, रामनरेश, सर्वेश कुमार, सरवन, पूरन लाल, सियाराम, राजेश कुमार, संतराम समेत 26 लोगों के घर जलकर राख हो गए। आग में कई लोगों के इंजन भी जलकर राख हो गए। आग लगने की सूचना मिलते ही एसओ मितौली फूलचंद, कानूनगो राजेश शुक्ला, ग्राम प्रधान संतोष मौर्य और ग्रामीणों के सहयोग से आग पर काबू पा लिया गया। दमकल टीम गरीबों के घर जल कर राख हो जाने के बाद पहुंची। जमुना दीन ने बताया कि लड़की की शादी के लिए रखा सारा सामान भी जलकर राख हो गया। खाने और तन ढकने के लिए भी कुछ नही बचा। इससे महिलाओं और बच्चों का रो-रो कर बुरा हाल है। मौके पर पहुची राजस्व की टीम ने नुकसान का सर्वे शुरू दिया गया है। शीघ्र ही मुआवजे की राशि और अर्थिक सहायता दिलाई जाएगी।
लेहिया गांव रौतापुर पहुंचे कस्ता विधायक सुनील कुमार लाला रोते विलखते अग्निकांड पीडितों को सांत्वना देते हुए कहा कि सरकार से अर्थिक धनराशि दिलाने का हर संभव प्रयास किया जाएगा।
फरधान। ग्राम हररिहरपुर निवासी रामपाल ने बताया बृहस्पतिवार को रात करीब रात 4.00 बजे उसके घर में पड़े छप्परों में आग लग गई। शोर मचाने पर ग्रामीण एकत्र हो गए लेकिन जब तक वह लोग आग को बुझा पाते तब तक लपटों ने पड़ोसी रामलाल के घर को भी अपनी जद में ले लिया। रामपाल के यहां 20 अप्रैल को उसके लड़के की शादी हुई थी। शादी में मिला बेड, बाक्स, बर्तन तथा 8 हजार रुपये जल गए। इसके अलावा कपड़े, बिस्तर और अन्य सामग्री जलकर नष्ट हो गई है।
पलिया/भीरा। कस्बे के वार्ड नंबर पांच के मुनीष के घर से लगी आग ने तेज हवा के साथ अचानक अपना रूप विकराल कर लिया और देखते ही देखते आग ने दस घरो को जलाकर राख कर दिया। इसके साथ ही मतलूब खां की 15 हजार छह सौ रुपये की नकदी, मुनीश के पांच हजार, असलम के दस हजार, महबूब खां के दस हजार, कयूम के सात हजार सहित एक जोड़ा सोने की झुमकी और पायल जलकर राख हो गईं। फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई लेकिन वह मौके पर न पहुंची। इस पर ग्रामीणों ने ही कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
निघासन। गांव बरोठा में खाना बनाते समय लगी आग से आधा दर्जन घर जलकर राख हो गए। आग में नौ बकरियां भी जिंदा जल गईं। ग्रामीणों ने किसी तरह से आग पर काबू पाया। सूचना के करीब एक घंटे बाद दमकल कर्मी पहुंचे। तब तक ग्रामीण आग पर काबू पा चुके थे।
गांव बरोठा निवासी रामकिशुन की पत्नी शुक्रवार की सुबह खाना बना रही थी। अचानक पड़ोस में लगी टटिया ने आग पकड़ ली। तेज हवा के चलते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और रामकिशुन के घर को चपेट में लेते हुए पड़ोसी अर्जुन, रामेंद्र भार्गव, राजाराम का घर में भी आग लग गई। आग में सारा सामान जलकर राख हो गया तो राजाराम का परचून का खोखा भी आग की भेंट चढ़ गया। रामेंद्र भार्गव की पुत्री शांति का विवाह 29 अप्रैल को था। घर में रखा सारा दहेज का सामान राख हो गया।
आग लगने के दौरान लापता हुई बच्ची सकुशल मिली
निघासन। गांव दुर्गापुरवा में आग लगने के दौरान गायब हुई सात साल की बच्ची बृहस्पतिवार देर शाम गांव के दक्षिण तरफ खेत में ग्रामीणों के साथ मिली। उधर रियाज हबीबी और गांव के ही शमसुद्दीन ने खाने की व्यवस्था कराई। तहसीलदार जगदीश सिंह ने बताया कि सर्वे का कार्य पूरा हो गया है। 96 परिवार वालों को शनिवार को चेक बांटे गए।
बृहस्पतिवार दोपहर दुर्गापुरवा में आग लगने से 60 घर जलकर राख हुए थे। आग में करीब 96 परिवार प्रभावित हुए थे। आग में सिरदार की पत्नी मोमिना की झुलस कर मौत हो गई थी। सिरदार की पोती जासमीन लापता हो गई थी। परिवार वालों ने उसकी तलाश की। वह आग से बचने के लिए गांव के दक्षिण तरफ गन्ने के खेत में ग्रामीणों के साथ बैठी हुई मिल गई।