घायल ने 70 हजार रुपये, मोबाइल लूटने का लगाया आरोप
गांव में खरीदे गए पड्डे को लेने पहुंचे सदर कोतवाली के गांव कोरैयापुरवा निवासी कल्लू को सात-आठ लोगों ने पकड़ लिया और उसकी लाठी-डंडों से जमकर पिटाई कर दी। आरोप है कि हमलावरों ने उसके पास से 70 हजार रुपये और मोबाइल लूट लिया। पुलिस ने मजरूबी चिट्ठी बनाकर घायल को मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा है। पुलिस ने आठ लोगों के रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
गांव कोरैयापुरवा निवासी कल्लू ने बताया कि उसने चार जून को सदर कोतवाली के गांव जयकोटना निवासी राजेश का पड्डा 57 हजार रुपये में क्रय किया था। सोमवार की सुबह करीब 11 जब वह पड्डा लेने गांव पहुंचा तो गांव के ही मनोजन, रमेश, दिनेश, रवी, सरोज सहित सात-आठ लोगों ने उसे पकड़ लिया और उसकी लाठी-डंडों से जमकर पिटाई कर दी। साथी ने बीचबचाव करने की कोशिश की तो उसे भी मारापीटा। आरोप है कि हमलावरों ने उसके पास से 70 हजार रुपये और मोबाइल लूट लिया। साथी लल्लन ने किसी तरह से बचकर घटना की सूचना यूपी 100 को दी। सूचना पर जब तक पुलिस पहुंचती, इससे पहले आरोपी भाग निकले। यूपी 100 घायल को लेकर कोतवाली पहुंची। घायल कल्लू ने आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने घायल को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा है। एसएसआई केपी गौड़ ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों को गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।