शुक्रवार देर रात एक समुदाय के कई लोग पहुंचे कोतवाली
पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को किया गिरफ्तार
फेसबुक की एक आपत्तिजनक पोस्ट को शेयर करना कस्बे के एक युवक को भारी पड़ गया। पोस्ट देखकर शुक्रवार देर रात कस्बे के एक समुदाय के कई लोग कोतवाली पहुंच गये और कोतवाल को तहरीर दी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए रात में ही युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। कस्बे में तनाव को देखते हुए एहतियातन पुलिस फोर्स तैनात किया गया है।
कस्बा धौरहरा के मोहल्ला बाजार वार्ड निवासी रिंकू मिश्रा ने फेसबुक पर चल रही एक पोस्ट को शेयर कर दिया। इस पोस्ट में दूसरे समुदाय के धार्मिक स्थल पर हिंदू देवता का फोटो लगा होने से मामला आपत्तिजनक हो गया। कस्बा धौरहरा के मोहम्मद कुर्बान के साथ कई लोग कोतवाली पहुंचे और नाराजगी जताते हुए रिंकू मिश्रा के खिलाफ तहरीर दी। इस पर हरकत में आई पुलिस ने रात में ही रिंकू मिश्रा के घर दबिश दी और उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
प्रभारी निरीक्षक दीपक शुक्ला ने घटना को लेकर कोई विवाद या तनाव नहीं है फिर भी कस्बे और क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाकर स्थितियों पर नजर रखी जा रही है। दूसरी और पता चला है कि रिंकू का अपने ही मोहल्ले के दूसरे समुदाय के कुछ लोगों से पुराना विवाद चल रहा है जिसको लेकर अक्सर आपस में खटपट बनी रहती है। शुरूआती पोस्ट किसने डाली पुलिस इसकी जांच कर रही है।