दूसरा किशोर बुरी तरह जख्मी, सीएचसी में चल रहा इलाज
घास काट रहे थे दोनों किशोर, पुलिस मौके पर, पड़ताल शुरू
थाना क्षेत्र के गांव गजरौरा में एक खेत में रखी बमनुमा विस्फोटक सामग्री में तेज धमाका हुआ, जिसमें एक किशोर की मौत हो गई, जबकि दूसरा किशोर बुरी तरह जख्मी हो गया। बताया गया है कि वह दोनों घास काटने गए थे और खेत किनारे झाड़ी में रखी विस्फोटक सामग्री में उनकी हंसिया छू गई थी। तेज धमाका सुनकर गांव में अफरातफरी मच गई और ग्रामीण भागते हुए खेत की ओर आए। उन्होंने जख्मी किशोर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजवाया। सूचना पर सीओ और एसओ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पड़ताल शुरू कर दी है।
शुक्रवार की देरशाम गजरौरा निवासी धर्मपाल का पुत्र विमलेश (17) और गांव के ही राम अवतार का पुत्र अरुण (17) गांव के एक व्यक्ति के खेत के किनारे मवेशियों के लिए घास काटने गया था। बताया गया है कि वह हंसिया से घास काट रहे थे कि तभी उनकी हंसिया एक बमनुमा सामग्री से टकरा गई और इसी दौरान उस वस्तु में भयानक विस्फोट हो गया। जिसकी चपेट में आने से विमलेश के हाथ के परखचे उड़ गए और मौके पर ही उसने दम तोड़ दिया। जब कि उसका साथी अरुण बुरी तरह से जख्मी हो गया। तेज धमाके की आवाज सुनकर आसपास अफरातफरी मच गई और ग्रामीण भागते हुए वहां पहुंचे। उन्होंने अरुण को पलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाए जहां उसका इलाज चल रहा है। सूचना मिलते ही सीओ जितेंद्र गिरी और एसओ विपिन सिंह मौके पर पहुंच गए। उन्होंने शव को कब्जे में लेकर पड़ताल शुरू कर दी है। मौके पर पुलिस बल के साथ भारी भीड़ लगी हुई है।
बताया गया है कि बम नुमा विस्फोटक सामग्री खेत किनारे झाड़ी में रखी थी जिसमें मृतक का हंसिया छूते ही विस्फोट हो गया। मौके से छर्रे से आदि बरामद किए गए हैं जिनको कब्जे में ले लिया गया है। इन्हें जांच के लिए एक्सपर्ट के पास भेजा जाएगा। विस्फोटक क्या है अभी कुछ कह पाना मुमकिन नहीं है।
- जितेंद्र गिरि, सीओ, पलियाकलां