आबकारी और पुलिस की संयुक्त टीम ने दर्जनों गांव में छापेमारी कर 240 लीटर अवैध शराब बरामद की। तमाम भट्ठियों को तोड़ते हुए साढ़े तीन हजार क्विंटल लहन नष्ट किया गया। टीम ने दो लोगों को पकड़ा, जबकि 16 अभियुक्त फरार हो गए।
आबकारी निरीक्षक दिलीप वर्मा ने तिकुनियां कोतवाली प्रभारी सीबी सिंह और सिंगाही थाना प्रभारी जेपी यादव के साथ मिलकर हुलासीपुरवा, दौलतापुर, नौगवां, पुरैना, बैलहा और तमोलिनपुरवा, सिंगाही थाने के सिंगहा खुर्द, सिंगाही कस्बा, भेड़ौरा और भुसैला तथा तिकुनियां कोतवाली के गुलरिया पत्थर शाह आदि गांवों में दबिश दी। हुलासीपुरवा गांव में रामस्वरूप के घर में अवैध शराब बनाने का कारखाना पकड़ा गया। निघासन कस्बे में शत्रोहन चौकीदार के घर पर छापामारी में शराब के पाउच मिले। टीम ने पूरे क्षेत्र से 240 लीटर अवैध शराब बरामद करते हुए हुलासी पुरवा के रामस्वरूप और श्रीपाल को पकड़ा। जबकि 16 आरोपी फरार हो गए। फरार सभी आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।