चौकी क्षेत्र के गांव गंगापुरवा में एक महिला की संदिग्ध हालात में जलकर मौत हो गई। देरशाम तक शव घर में ही पड़ा था। गंगापुरवा निवासी 30 वर्षीय बीरवती पत्नी स्वर्गीय संतोष कुमार अपने 10 वर्षीय पुत्र हिमांचल व 8 वर्षीय पुत्री नैंसी के साथ सास-ससुर से अलग एक घर में रहती थी। बुधवार की सुबह वह अपने पुत्र से यह कर घर से गई थी कि वह मझगईं बैंक में रुपये लेने जा रही है मगर वह लौटकर नहीं आई। पुत्र व उसके ससुर ने इधर-उधर खोज की लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। वृहस्पतिवार की दोपहर बाद संतोष के घर से धुंआ उठता देख पड़ोसियों के हाथ-पांव फूल गए और घर के अंदर जाकर देखा तो बीरवती जल रही थी। जब तक लोग आग पर काबू पाते तब तक महिला की मौत हो गई। मृतका का गांव मे ही मायका है और वह वहां पहुंच गए थे। दोनों मासूमों बच्चों के सिर से बाप का साया पहले ही उठ चुका था अब मां की इस तरह मौत से रो-रो कर दोेनों का बुरा हाल हो गया है। खबर लिखे जाने तक शव घर में ही पड़ा था।