गंदगी की भरमार, परिसर में भरता है नाले का गंदा पानी
सीएमओ डॉ. जावेद अहमद ने पीएचसी तिकुनियां का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कर्मचारियों की जानकारी ली और रजिस्टर देखा। करीब आधा घंटा अस्पताल में रुकने के बाद वह रवाना हो गए। इस दौरान उनकी नजर अव्यवस्थाओं पर नहीं पड़ी, जबकि पीएचसी परिसर में गंदगी का अंबार लगा हुआ है। इतना ही नहीं पास से निकला नाला टूटा होने के कारण उसका गंदा पानी भी परिसर में भरा हुआ है। शनिवार की सुबह करीब 11 बजे सीएमओ डॉ. जावेद अहमद तिकुनियां पीएचसी पहुंचे। अस्पताल का निरीक्षण किया। सबसे पहले कर्मचारियों का हाजिरी रजिस्टर देखा और कर्मचारियों के बाबत जानकारी ली। इसके बाद औषधि कक्ष, डिलीवरी रूम देखा। निरीक्षण के दौरान सीएमओ की नजर पीएचसी परिसर में व्याप्त गंदगी समेत अन्य अव्यवस्थाओं पर नहीं पड़ी। परिसर में नाले का गंदा पानी भरा रहता है। इससे वहां जहां मच्छरों की भरमार है। वहीं परिसर में रह रहे कर्मचारी दुर्गंध से परेशान रहते हैं। सीएमओ ने बताया कि पीएचसी पर डॉक्टर लाल जी पासी की नियुक्ति कर दी गई है, जिससे मरीजों को अब कोई असुविधा नहीं होगी। जो दवाएं जिले पर मौजूद हैं उन सभी दवा को पीएचसी पर भेज दिया गया है। पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि साफ-सफाई के लिए मातहतों को निर्देश दिए हैं। इस दौरान फार्मेसिस्ट अरविंद कुमार वर्मा, सर्वेश कुमार शुक्ला, श्रीराम, लक्ष्मी देवी, स्टाफ नर्स अमलिका सिंह, दीपा, पुष्पा और चंद्रा मौजूद रहीं।