रमियाबेहड़ की सीएचसी में गुरुवार की रात चोरों ने एएनएम और एंबुलेंस चालक के आवास का ताला तोड़कर पांच हजार रुपये, हजारों का सामान चोरी कर लिया। एएनएम ने पुलिस को 100 नंबर पर सूचना दी लेकिन कोई भी मौके पर नहीं पहुंचा।
बताते हैं कि सीएचसी पर तैनात एएनएम ऊषा त्रिपाठी अस्पताल के डिलीवरी रूम में ड्यूटी पर थीं। तभी रात में चोरों ने उनके आवास का ताला तोड़कर कमरे के अलमारी में रखे पांच हजार रुपये, एक जोड़ी पायल, दस साड़ी, गैस सिलेंडर और बर्तन चोरी कर लिए। एएनएम शुक्रवार की सुबह जब आवास पर पहुंचीं तो सामान बिखरा देखा तो 100 नंबर पर सूचना दी, लेकिन किसी तरह का कोई रिस्पांस नही मिला इसके अलावा सीएचसी के एंबुलेंस चालक अबरार के आवास के दरवाजे का ताला तोड़कर चोर बर्तन आदि उठा ले गए। पीड़ित ने सूचना पुलिस को दी लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई।