मोहल्ला महाराजनगर में किराए के मकान में रहने वाले ब्रेड कारोबारी लालता प्रसाद की रविवार की रात हत्या कर दी गई। हत्यारों ने पहले डंडे से उनके सिर पर वार किया, फिर नाइलान की रस्सी से गला कस दिया। उसके बाद शव को बरामदे में रखी पानी भरी बाल्टी में डुबो दिया और गेट पर ताला लगाकर भाग गए। अंदर से टीवी की आवाज और बाहर सुबह बाहर ताला लगा देखकर पड़ोसियों ने उनके भाई को फोन किया। पुलिस की मौजूदगी में गेट का ताला तोड़ा गया। अंदर लालता प्रसाद का शव बरामदे में मिला। बेडरूम में बेड पर खून से सने कागजात मिले हैं। फोरेंसिक टीम ने मौके से सबूत इकट्ठा किए हैं। मामले में दो लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। सूचना मिलने पर एसपी अखिलेश चौरसिया और सीओ सिटी एमपी सिंह ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।
मूल रूप से हरदोई के मोहल्ला रेलवेगंज निवासी ब्रेड कारोबारी 40 वर्षीय लालता प्रसाद गुप्ता करीब दो साल से सरजू प्रसाद वर्मा के मकान में किराए से रह रहे थे। उनके दो भाई सोमी गुप्ता और श्रीकृष्ण गुप्ता मोहल्ला शांतीनगर में रहकर बेकरी का कारोबार करते हैं। परिवार के अन्य सदस्य पलिया में बस चुके हैं और वह भी बेकरी कारोबार से जुड़े हैं। लालता के पास लखनऊ की मधुर ब्रांड ब्रेड की एजेंसी है और पूरे शहर में यही से सप्लाई होती है। वह यहां अकेले ही रहते थे। शादी के बाद ही उनकी पत्नी उन्हें छोड़कर चली गईं थीं।
सोमवार की सुबह देर तक अंदर कोई आहट न होने और टीवी चलने की आवाज सुनकर पड़ोसियों ने लालता के भाई को सूचना देकर बुलाया। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस की मौजूदगी में गेट का ताला तोड़ा गया, जिसके बाद अंदर का नजारा देखकर लोग सन्न रह गए। कमरे में बेड पर खून के साथ ही कागजात और स्टांप पेपर बिखरे पड़े थे। उससे सटे बरामदे में लालता प्रसाद का लहूलुहान शव पड़ा था। शहर में कत्ल की वारदात की खबर मिलते ही एसपी अखिलेश चौरसिया, सीओ सिटी एमपी सिंह के अलावा शहर कोतवाल गुलाब शंकर पांडेय मौके पर पहुंच गए। इसके बाद फोरेसिंक टीम और स्वाट टीम भी घटनास्थल पहुंची और साक्ष्य संकलित किए।
मृतक के भाई मोहल्ला शांतीनगर निवासी सोमी गुप्ता की तहरीर पर पुलिस ने दो आरोपियों मोहल्ला आवास विकास कालोनी निवासी विनीत कुमार और मोहल्ला बहादुरनगर निवासी अमित जायसवाल के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। आरोप है कि विनीत पर 1.10 लाख रुपये बकाया थे, जबकि अमित के पास दो लाख कीमत की सोने की सीतारामी थी। इसको लेकर लालता प्रसाद और आरोपियों के बीच एक माह पहले विवाद भी हुआ था।
कमरे पर बाहर से ताला लगा था। ताला तोड़ने के बाद पुलिस अंदर गई तो बेड और कमरे में खून बिखरा पड़ा था। अंदर टीवी चल रहा था। बेड पर खून से सने हुए कई कागजात पड़े थे। इसमें से कई स्टांप पेपर थे। खून जम गया था। इसके कमरे से सटा बरामदा है। बरामदे में पानी भारी बाल्टी में शिव का सिर औंधा कर डुबोया गया था। गले में नाइलान की रस्सी से फंदा कसा हुआ था। मृृतक के शरीर पर पूरे कपड़े पाए गए और पैरों में जूता भी।
पानी भरी बाल्टी में मिला मोबाइल
सुराग मिटाने के लिए हत्यारों का लालता का मोबाइल उसी पानी की बाल्टी में डाल दिया जिसमें शव का सिर डुबोया था। कमरे में लालता का मोबाइल नहीं मिला था। शव निकालने के बाद पुलिस ने बाल्टी की दुबारा जांच की तो मोबाइल मिला। पुलिस सीडीआर निकलवा रही है।
आखिरी बार सेल्समैन के साथ दिखे
स्थितियों को देखकर आशंका जताई जा रही है कि हत्यारे लालता के परिचित हैं। कपड़े और जूते पहने हुए हत्या होने का अर्थ है कि कोई साथ आया और किसी बात पर विवाद हुआ और उसने हत्या कर दी। हत्यारों की संख्या भी दो या दो से अधिक रही होगी क्योंकि लालता का डील डौल ऐसा है कि एक आदमी उनकी हत्या इस प्रकार नहीं कर सकता। मोहल्ले के लोगों के मुताबिक लालता प्रसाद आखिरी बार रविवार की रात करीब आठ बजे सेल्समैन के साथ देखे गए थे।
कमरे में मिले लेनदेन के स्टांप
पुलिस को कमरे की तलाशी के दौरान लेनदेन से संबंधित कई स्टांप पेपर मिले हैं। इनमें कुछ लोगों को रुपये उधार देने का विवरण है। बिखरे हुए कागजों को देखकर पुलिस आशंका जता रही है कि किसी से लेनदेन को लेकर विवाद हुआ होगा और हत्या कर दी गई। शक यह भी है कि हत्यारे अपने नाम का स्टांप भी ले गए होंगे।
घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं। इनसे जल्द खुलासे में मदद मिलेगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद हत्या का कारण स्पष्ट हो सकेगा। मृतक के भाई ने दो लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। उनसे पूछताछ की जाएगी।
- गुलाब शंकर पांडेय, शहर कोतवाल