बस से उतरकर घर वापस जा रहे दुलही के एक युवक को बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने सरेशाम चाकू मारकर घायल कर दिया और उसके पास मौजूद 26500 रुपये छीन लिए। घटना की सूचना पुलिस को दी गई है। आरोप है कि सीमा विवाद के चलते धौरहरा और निघासन पुलिस ने तहरीर लेने से इंकार कर दिया।
क्षेत्र के गांव दुलही निवासी मुनेश करीब डेढ साल पहले पंजाब मजदूरी करने गया था। रक्षाबंधन के पर वह प्राइवेट बस से शनिवार की शाम घर आ रहा था। रात करीब 7.45 बजे वह बस से उतरकर शारदा नहर पर बने पुल के पास पहुंचा ही था कि दुलही गांव के पास एक बाइक पर सामने से आए तीन लुटेरों ने उसे रोक लिया और उसकी तलाशी लेना शुरू कर दी। विरोध करने से नाराज लुटेरों ने उसके हाथ की उंगली और पैर पर चाकू मार दिया और 26500 रुपये लूट कर मल्लबेहड़ की ओर चले गए। राहगीरों ने बताया कि 15 मिनट पहले पुल के पूरब की तरफ धौरहरा कोतवाली के दो सिपाही गश्त कर रहे थे यदि वह आखिरी बस का इंतजार करके जाते तो लूट की घटना नहीं होती।
एसओ परशुराम ओझा के अनुसार यह घटना निघासन में नहीं हुई है। दुलही गांव का आधा पुल निघासन और आधा पुल धौरहरा में पड़ता है। यह घटना दूसरी ओर हुई है।