ईसानगर क्षेत्र के सिसैया में ग्रामीणों और पुलिस के संयुक्त प्रयास से गन्ने के खेत से पकड़े गए सीतापुर के शातिर युवकों से पूछताछ में अंतरजनपदीय गिरोह का खुलासा हुआ है। पुलिस के मुताबिक दोनों युवक गिरोह में शामिल अन्य साथियों के साथ मिलकर काफी समय से लखीमपुर के गाजर क्षेत्र और सीतापुर के तंबौर इलाके में घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं।
सीओ धौरहरा मनोज यादव का दावा है कि युवकों के कब्जे से तंबौर में एक हफ्ता पहले व्यापारी से लूटी गई एक लाख से अधिक की नगदी और आधा दर्जन बाइक बरामद हुई हैं। दोनों युवकों से पुलिस सिसैया चौराहे पर चार दिन पहले लखीमपुर के बीज भंडार के मुनीम रियाजुद्दीन के साथ 1.55 लाख की लूट के बाबत भी पूछताछ कर रही है।
सीओ ने बताया कि धौरहरा, ईसानगर और सीतापुर क्षेत्र के तंबौर इलाके में बदमाशों का एक ही गिरोह है। पकड़े गए युवकों से उनके साथियों के बारे में पता चला है। इनकी निशानदेही पर लूटी गई नगदी, तमंचा, कई कारतूस और बाइक मिल चुकी हैं। पुलिस को इनके कई अन्य घटनाओं में शामिल होने का संदेह है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि पकड़े गए युवकों पर सीतापुर के तंबौर में मुकदमें दर्ज हैं। जिनकी जानकारी जुटाई जा रही है। हालांकि पुलिस पकड़े गए दोनों शातिर युवकों के कई अन्य साथियों की गिरफ्तारी और बरामदगी का हवाला देकर अभी गिरोह का खुलासा नहीं कर रही है।