शहर में चोरियों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। इसी क्रम में मोहल्ला आवास विकास निवासी ठेकेदार अजय सिंह के बंद घर से चोरों ने हजारों का माल पार कर दिया। पड़ोसियों ने फोन से गृहस्वामी को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौका मुआयना किया है।
मोहल्ला आवास विकास निवासी अजय सिंह आर्रईडी में ठेकेदार हैं। वह बृहस्पतिवार को परिवार में मुंडन कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सपरिवार गांव गए थे। शुक्रवार की शाम को पड़ोसियों ने घर के ताले टूटे देखकर अजय सिंह को फोन से जानकारी दी, जिसके बाद पीड़ित गृहस्वामी ने कोतवाली पुलिस को सूचना दी। पुलिस को दी गई तहरीर में अजय सिंह ने बताया है कि चोरों ने घर में रखी सोने की चेन, कंगन, अंगूठी, पायल और पांच हजार की नकदी पार कर दी है। पुलिस ने मौका मुआयना कर जांच शुरू कर दी है।
शहर में आए-दिन चोर बंद घरों को निशाना बना रहे हैं। बृहस्पतिवार की रात को दो मोहल्लों में चोरी हुई थी। इसी प्रकार पहले हो चुकी चोरियों का अभी खुलासा नहीं हो सका है।
वकील के घर से नकदी और सामान चोरी
सिंगाही। कस्बा निवासी लतीफ खां के घर में पीछे की दीवार फांद कर घुसे चोरों ने 22 हजार की नकदी समेत हजारों का सामान चोरी कर लिया। परिवार वालों के जागने पर चोर भाग निकले। घटना की सूचना पुलिस को दी गई है।
वकील लतीफ खां ने बताया कि शुक्रवार की रात 11 बजे वह खैरहनी के एक शादी समारोह से वापस आकर कमरे में सो गए। उनके परिवार के अन्य लोग बरामदे में सो रहे थे। रात दो बजे लतीफ की बड़ी बहन मलीकुन निशा की आहट सुनकर आंख खुल गई। आंगन में सामान बिखरा हुआ देखकर उन्होंने शोर मचाया। मौके की नजाकत समझते हुए चोर फरार हो गए। शोर सुनकर पूरा परिवार जाग गया। लतीफ ने बताया कि दो कमरों का ताला तोड़कर चोरों ने घर में रखे 22 हजार नकद और करीब 10 हजार का सामान चोरी कर लिया। चोर घर के पास बनी लैट्रीन की दीवार फांदकर आए थे।