मोहल्ला बेगमबाग निवासी ग्रिल कारोबारी 33 वर्षीय आफाक को दो लोगों ने लाठी-डंडों और सरियों से पीट-पीटकर मार डाला। उसके सिर और चेहरे पर ईंट से प्रहार भी किए। मरणासन्न हालत में उसे में छोड़कर फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। बताया गया है कि रुपयों के लेनदेन को लेकर दोस्तों ने ही आफाक की हत्या की है। मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने दोस्तों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण चोटों और अत्यधिक रक्तस्राव से होना बताया गया है।
मोहल्ला हाथीपुर उत्तरी निवासी अबरार ने बताया कि उनका 33 वर्षीय पुत्र आफाक मोहल्ला बेगमबाग स्थित मकान में रहता था, जबकि वह खुद (अबरार) परिवार के अन्य लोगों के साथ हाथीपुर उत्तरी में रहते हैं। आफाक का ग्रिल व अलमारी बनाने का कारखाना लक्ष्मीनरायाण मंदिर के पास है। मोहल्ला गोटैय्या बाग निवासी पप्पू उर्फ जफर और अंशू मिश्रा की उसके पुत्र से दोस्ती थी। दोनों का कारखाने पर आना-जाना था। दोनों उनके पुत्र से उधार रुपये भी ले जाते थे। दो दिन पहले रुपये वापस करने को लेकर उनसे कहासुनी भी हुई थी। रविवार की शाम मोहल्ला हाथीपुर उत्तरी में पड़ोसी के यहां दावत खाने आफाक आया था। जहां अबरार भी परिवार समेत शामिल हुए। शाम करीब सात बजे आफाक के मोबाइल पर कॉल आई और उसे पैसा लेने के लिए बुलाया। इस पर आफाक ने अपने पिता अबरार को बताया कि पप्पू उर्फ जफर ने पैसा देने के लिए अजय मोटर्स के पीछे बुलाया है। यह कहकर आफाक पड़ोसी कमलू गुप्ता की बाइक लेकर चला गया। उन्होंने बताया कि शाम 8.10 बजे यूपी 100 पुलिस ने छोटे पुत्र अकरम के मोबाइल पर कॉल की और बताया कि आफाक घायल हालत में अजय मोटर्स के पीछे पड़ा है। इस पर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे देखा कि वह मरणासन्न हालत में था। घर वालों की मानें तो आफाक ने यूपी 100 पुलिस के सामने बताया कि उसे पप्पू उर्फ जफर और अंशू ने बकाया पैसे देने के बहाने बुलाकर डंडा, सरिया और वहां पड़ी इंटरलॉकिंग ईंट से मारा पीटा है। घर वाले यूपी 100 पुलिस की मदद से जिला अस्पताल ले गए, जहां रात करीब 10.30 बजे आफाक की मौत हो गई। घर वालों ने बताया कि आफाक का दायां पैर टूटा हुआ था और सिर व चेहरे पर गंभीर चोटें थीं।
शहर में पैसे के लेनदेन में कारोबारी की हत्या का मामला सामने आया है। मामले की रिपोर्ट दर्ज कराया नामजद दोनों आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। हत्यारोपी जल्द ही पकड़े जाएंगे।
- रामलाल वर्मा, एसपी
आखिर ऐसा क्या कह दिया था जो बहाने से बुलाकर मार डाला
ग्रिल कारोबारी आफाक ने शुक्रवार को पप्पू और अंशू से सारा हिसाब किताब कर पैसे लौटाने की बात कही थी। इस पर दोनों झगड़ने लगे थे, लेकिन आफाक ने दो टूक कह दिया था कि दोस्ती अपनी जगह और लेनदेन की बात अलग। इस पर पप्पू और अंशू ने उससे झगड़ा किया था। पिता अबरार रोते हुए बताते हैँ कि उन्होंने बेटे आफाक को समझाया था कि दोस्ती करो तो उसे निभाओ भी। अब कुछ पैसों के लिए थाने तक मामला न जाए तो ठीक है। इस पर शुक्रवार को विवाद की बात किसी को पता नहीं लगने दी। वह बिलखते हुए कहते हैं कि उन्हें क्या पता था कि दोस्त ही उसकी जान ले लेंगे। पिता अबरार समेत परिवार वालों को यह तक पता नहीं है कि कितने रुपये का लेनदेन था। पिता रोते हुए कहते हैं कि आखिर बेटे ने दोनों से ऐसा क्या कह दिया था जो रुपये देने के बहाने बुलाकर मार डाला।
गली में खड़ी मिली बाइक, रुपये, मोबाइल भी गायब
मृतक के पिता अबरार ने बताया कि बाइक जिस स्थान पर पुत्र आफाक पड़ा था। उससे करीब 100 मीटर दूर एक गली में खड़ी थी। पुत्र के पास करीब 35 हजार रुपये थे, जिसमें से उसकी जेब में मात्र 20 रुपये मिले हैं। पुत्र का मोबाइल भी गायब है।
पति की मौत की खबर सुनते ही बेसुध हुई पत्नी
आफाक की मौत होने की खबर जब रात में उसकी पत्नी सबीना को हुई तो वह आवाक रह गई। उसे एक बारगी विश्वास नहीं हो रहा था कि उसका शौहर अब इस दुनियां में नहीं रहा, लेकिन कुछ ही क्षण में वह बेसुध हो गई। मृतक के दो पुत्रियां हैं, जिनमें एक पुत्री तीन साल की अजीवा है, जबकि एक तीन माह की बेटी है।
घर वाले पैसे के विवाद में हत्या होने की बात कह रहे हैं। पिता की तहरीर पर पप्पू उर्फ जफर और अंशू के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। हत्यारोपियों की तलाश की जा रही है। शीघ्र ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा। - अशोक कुमार पांडेय, शहर कोतवाल