बांकेगंज। थाना मैलानी क्षेत्र के बंजरिया गांव में दो दोस्तों के बीच हुए मामूली विवाद के बाद एक दोस्त ने दूसरे दोस्त पर बगौड़ी (गन्ना छीलने का हथियार) से कई प्रहार करके उसे लहूलुहान कर दिया। इससे उसके शरीर में कई जगह गहरे जख्म हो गए। मामले की सूचना पाकर घटनास्थल पर पहुंचे परिवारीजनों ने यूपी 100 पुलिस को घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को गोला सीएचसी में भर्ती कराया है।
थाना मैलानी क्षेत्र की बांकेगंज पुलिस चौकी अंतर्गत बंजरिया गांव निवासी पंकज (18) और अनिल (20) की आपस में गहरी दोस्ती थी। बुधवार शाम दोनों दोस्त गांव में घूमने के लिए निकले थे। इस दौरान दोनों के बीच में किसी बात को लेकर आपस में विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर दोस्त अनिल ने हाथ में पकड़ी बगौड़ी से पंकज पर ताबड़तोड़ कर प्रहार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया और फरार हो गया। गांव किनारे लहूलुहान पड़े पंकज को देख लोगों ने इसकी सूचना उसके परिवारीजनों को दी। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने परिवारीजनों के साथ पंकज को गोला सीएचसी में भर्ती कराया। जहां उसकी हालत में सुधार न होने पर डॉक्टर ने उसे जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया।
बंजरिया गांव निवासी घायल के पिता राम नरेश ने घटना की तहरीर दी है, जिस पर आरोपी अनिल के खिलाफ जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपी की तलाश की जा रही है।
- सुनीत कुमार थानाध्यक्ष, थाना मैलानी