26एलकेएक650,651
भीरा रेंज में लकड़कट्टो की फायरिंग में वनकर्मी घायल
लकड़ी कटान की सूचना पर दबिश देने गई टीम पर हमला
बिजुआ। भीरा वन रेंज के पड़रिया बीट में जंगल कटान की सूचना पर दबिश देने गई वन विभाग की टीम और लकड़कट्टों के बीच हुई आमने सामने की फायरिंग में एक गोली वन कर्मचारी के हाथ में लग गयी। जवाबी फायरिंग से घबराए लकड़ी तस्कर भाग खड़े हुए, वन विभाग की टीम को मौके से तीन सायकिलें, चार साखू लकड़ी के बोटे और आरा बरामद हुआ है। मामले में वन महकमे ने आधा दर्जन लोगों के खिलाफ केस काटकर साथ ही भीरा थाने में जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज कराया है। शुक्रवार आधी रात को भीरा रेंजर राकेश बाबू वर्मा को सूचना मिली कि रेंज क्षेत्र के पडरिया बीट में कुछ लकड़ी तस्कर साखू का कटान कर रहे हैं। सूचना मिलते ही रेंजर ने फारेस्ट गॉर्ड ब्रजेश शुक्ला, ओमकुमार, गजेंद्रर, दैनिक वेतन कर्मचारी विकास सिंह, समेत चार लोगों को मौके पर भेजा। वन टीम जब रात करीब एक बजे मौके पर पहुंची तो जंगल में आरा चलने की आवाज सुनाई दे रही थी। टीम सतर्कता अपनाते हुए आवाज की दिशा में बढ़ती चली गयी। कुछ दूरी पर टीम को साफ दिखाई दिया कि करीब 5 से 6 लोग एक साखू के पेड़ को काटकर बोटा बना रहे हैं। वन टीम की आहट पाकर बेखौफ लकड़ी काट रहे लकड़ी तस्कर ने वन कर्मचारियों को ललकारा। जवाब में जैसे ही वनकर्मी ने लकड़कट्टों को ललकारा, उधर से लकड़ी काट रहे तस्करों ने सीधे फायर कर दिया। लकड़ी तस्करों की गोली सीधे वाचर विकास सिंह के लगी। इस पर वन टीम लकडकट्टों पर फायरिंग करते हुए दौड़ा लिया। लकड़ी काट रहे माफिया भाग खड़े हुए। वन टीम को मौके पर 3 साइकिल, आरा मिला है, वहीं ये लोग एक साखू का पेड़ काटकर उसके चार बोटा काट कर बना रहे थे। घायल कर्मचारी विकास सिंह को इलाज के लिए बिजुआ सीएचसी लाया गया। इस मामले में भीरा रेंज में वन विभाग ने झगडू, हाकिम समेत पांच लोगों के खिलाफ एक केस काटा है। साथ ही वन टीम पर जानलेवा हमले का मुकदमा भीरा थाने में दर्ज कराया गया है।