लखीमपुर खीरी।
ट्रकों से वसूली कर रहे लोगों की वीडियो बनाना युवक के लिए भारी पड़ गया। वसूली कर रहे लोगों ने बाइक से जा रहे युवक को पीटने के साथ ही उसकी जेब से पांच सौ रुपये भी लूट लिए। युवक लखीमपुर से अपने पिता और चाचा के साथ पैतृक गांव जा रहा था। आरोप है कि सूचना पर जब चौकी पुलिस मौके पर पहुंची तो हमलावरों ने पुलिस के सामने युवक की पिटाई कर उसके साथी की कार में तोड़फोड़ की। पुलिस ने पीड़ित की ओर से दो लोगों को नामजद कर छह अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
थाना मितौली के गांव पिपरा निवासी जितेंद्र सिंह ने बताया कि रविवार शाम करीब साढ़े आठ बजे ऑफिस से अपने पिता और चाचा के साथ बाइक से पैतृक गांव भीखमपुर जा रहा था। छाउछ चौराहा के पास कुछ लोग ट्रकों से वसूली करते दिखे। इस पर उसने अपने कैमरे से वीडियो बनानी शुरू कर दी। इससे आरोपी भड़क उठे और मारपीट कर जेब में रखे पांच सौ रुपये लूट लिए। जान से मारने की नीयत से फायर किया। उसने किसी तरह अपने साथियों को घटना की सूचना दी। सूचना पर उसके साथी कार से मौके पर आ गए। इसी बीच चौकी इंचार्ज एलआरपी अवधेश सिंह पहुंचे तो हमलावरों ने चौकी इंचार्ज के सामने भी उसके साथ मारपीट की। साथी की कार के शीशे भी तोड़ दिए। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर रवि वर्मा और अजय अवस्थी को नामजद कर छह अन्य अज्ञात साथियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।