जंगबहादुरगंज। पसगवां कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सिकटारा में भाजपा के बूथ अध्यक्ष महेंद्र कुमार मिश्र ने शुक्रवार की सुबह करीब छह बजे पेड़ में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जाता है कि महेंद्र कुमार मिश्र एक मुकदमे में नामजद होने के कारण तनाव में थे। 55 वर्षीय महेंद्र कुमार मिश्र सुबह लगभग पांच बजे घर से निकल गए। फिर गांव के दक्षिण माया प्रसाद के बाग में एक पेड़ में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
घरवालों ने बताया कि पसगवां कोतवाली क्षेत्र के ग्राम किशुनपुर अजीत निवासी हरिशंकर ने महेंद्र के विरुद्ध धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं में 28 अगस्त 2018 को न्यायालय के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जिसकी विवेचना चल रही थी। महेंद्र इसी को लेकर बेहद तनाव में थे और आत्मघाती कदम उठाने को मजबूर हुए और फंदा लगा ली। सूचना पर पसगवां पुलिस मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक महेंद्र के पत्नी शांति देवी के अलावा विनय मिश्रा, आरती, पूजा, उपासना और अविरल पुत्र पुत्रियां हैं सभी का रो-रोकर बुरा हाल है। बूथ अध्यक्ष के फंदा लगाकर आत्महत्या की खबर सुनकर विधायक लोकेंद्र प्रताप सिंह के पुत्र वैभव प्रताप सिंह, भाजपा जिला महामंत्री मनोज वर्मा, अवधेश कुमार सिंह, सोहन सिंह, नरवीर कुशवाहा आदि ने मौके पर पहुंचकर शोक जताया। इस दौरान मृतक महेंद्र को एक दरोगा द्वारा कथित तौर धमकाने का आरोप उनके परिजनों ने भाजपा नेताओं के सामने लगाया है। उधर प्रभारी निरीक्षक सतेंद्र कुमार सिंह ने मृतक महेंद्र के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज होने की पुष्टि की है।