लखीमपुर खीरी। सदर कोतवाली क्षेत्र की राजापुर पुलिस चौकी क्षेत्र में छिनैती की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। सोमवार की शाम बाइक सवार तीन युवकों ने मोहल्ला राजाजीपुरम निवासी एक युवक का मोबाइल लूट लिया और भाग निकले। पीड़ित जब चौकी गया तो पुलिस ने लूट की तहरीर लेने से इंकार कर दिया।
मोहल्ला राजाजीपुरम निवासी सूरज ने बताया कि सोमवार की शाम वह बाजार से घर वापस आ रहा था। राजापुर नहरिया और पुलिस चौकी राजापुर के बीच बाइक सवार तीन लोगों ने उसका कीमती मोबाइल लूट लिया और भाग निकले। पीड़ित ने पुलिस चौकी जाकर घटना की तहरीर दी। आरोप है कि पुलिस ने लूट की तहरीर लेने से इंकार कर दिया और मोबाइल गिर जाने की बात लिखवाकर दूसरी तहरीर मंगवाई। बाद में उसे तहरीर लेकर सदर कोतवाली भेज दिया। सदर कोतवाली के कार्यवाहक प्रभारी निरीक्षक इंस्पेक्टर (अपराध) ऋषिदेव सिंह ने बताया कि पीड़ित मोबाइल गिरने की लिखित सूचना दी है। मोबाइल लूटे जाने की घटना की जानकारी नहीं है।