पॉलिथीन में मीट बेचते पकड़ा, जुर्माना वसूला
सड़क पर पशु बांधने वालों पर भी की कार्यवाई, हड़कंप
अमर उजाला ब्यूरो
धौरहरा। पॉलिथीन पर प्रतिबंध होने के बाद भी कस्बे के दुकानदार पॉलिथीन बैग में सामान बेच रहे हैं। शनिवार को निरीक्षण में निकली नगर पंचायत की टीम ने एक मीट विक्रेता को पॉलिथीन बैग में मीट बेचते पकड़ा। मौके पर उससे एक हजार का जुर्माना वसूला। वहीं दूसरी ओर कस्बे की सड़कों पर नगर के कुछ लोगों ने मवेशी बांधना शुरू कर दिया है इससे सड़कों पर गंदगी होती है। इसपर ईओ धौरहरा ने मवेशी मालिकों से जुर्माना वसूल कर हिदायत देकर छोड़ दिया।
नगर पंचायत धौरहरा की टीम ने ईओ जितेन्द्र कुमार के नेतृत्व में कस्बे की बाजार वार्ड, शुक्ला वार्ड, चिकवनटोला आदि मोहल्लों का निरीक्षण किया। पॉलिथीन पाबंदी के बाद भी दुकानदार पॉलिथीन में सामान बेचते मिले। ईओ जितेंद्र कुमार ने बताया कि चिकवन टोला के मेंहदी पुत्र अली हुसैन की मीट की दुकान से सौ ग्राम पॉलिथीन बैग मिले, इसमें वह मीट बेच रहा था। उसपर एक हजार रुपये नगद जुर्माना वसूला गया है। पॉलिथीन बैग में सामान बेचते शनिवार को 16 दुकानदार पकड़े गए उनसे 16 हजार रुपया नगद जुर्माना वसूला गया।
इसके अलावा पठानवार्ड के सूरज और सोनेलाल ने इंटरलॉकिग रोड पर अपने भैंस और पड़िया बांधकर गंदगी कर रहे थे जिनसे प्रति पशु सौ रुपये जुर्माना वसूल कर हिदायत दी गई कि वह भविष्य में सड़क पर गंदगी न करें। नगर पंचायत की इस कार्रवाई से कस्बे में हड़कंप मच गया।