मितौली (लखीमपुर खीरी)। थाना क्षेत्र के गांव कानाखेड़ा में मुंडन की दावत में हुए नाचगाने में फायरिंग की गई, जिसकी चपेट में आकर एक महिला डांसर घायल हो गई। इससे कार्यक्रम में अफरा-तफरी मच गई। घायल डांसर को जिला अस्पताल से लखनऊ रेफर कर दिया गया है। वहीं पुलिस ने तहरीर न मिलने की बात कही है। कानाखेड़ा निवासी सुनील उर्फ चिमन के यहां सोमवार की रात मुंडन की दावत थी। इस अवसर पर रंगारंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। रात में शराब के नशे में धुत होकर लोग नाच देख रहे थे। इसी दौरान वर्चस्व को लेकर कुछ लोगों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद असलहों से कई फायर किए गए। फायरिंग में नीमगांव के ढखिया गांव निवासी महिला डांसर सलोनी पत्नी ज्ञानदीप के सीने और हाथ में छर्रे लग गए। डांसर के गोली लगने की खबर फैलते ही अफरा तफरी मच गई। आनन फानन में घायल डांसर को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से लखनऊ रेफर कर दिया गया है। एसएचओ अरूण प्रताप सिंह ने बताया कि इस मामले की जानकारी नहीं है और न ही मंगलवार की शाम तक किसी ने तहरीर दी है।