15 लाख के लालच में गंवाए 22 हजार रुपये
मोबाइल पर आई कॉल से महिला के साथ हुई ठगी
मैलानी। मोबाइल पर आई कॉल पर 15 लाख रुपये का इनाम पाने की लालच में एक महिला ने अपने 22 हजार रुपये गंवा दिए।
ग्राम नकहाघाट निवासी योगेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि वह बहराइच में मजदूरी करता है। उसकी पत्नी बच्चों के साथ गांव में रहती है। पत्नी फूलमती के मोबाइल पर कॉल आई कि एक कंपनी में उसका 15 लाख का ईनाम निकला है। फोन करने वाले ने पहले कुछ पैसा बताए गए खाते में जमा करने की बात भी कही और इलाहाबाद बैंक के खाता संख्या 59092978723 में पैसा जमा करने को कहा। फूलमती ने पांच जून को 3500, छह जून को 4100 और आठ जून को 15 हजार रुपये बताए गए खाते में जमा कर दिए। इसके बाद और रुपये जमा करने को कहा गया, तो फूलमती ने पति से और पैसे मांगे। पैसे न देने पर वह पति से झगड़े पर आमादा हो गई। विवाद बढ़ने पर योगेंद्र सिंह ने 100 नंबर पर फोन कर पुलिस को बुलाया, तब जाकर मामले का खुलासा हो सका। इस प्रकार फूलमती ने लालच मेें आकर अपने 22 हजार 600 रुपये गंवा दिए। योगेंद्र सिंह ने बताया कि चूंकि वह बाहर रहता है, इसलिए पत्नी ने उसे कुछ बताए बगैर 15 लाख इनाम की लालच में अपना खेत गिरवी रखकर 15 हजार रुपये बैंक खाते में जमा कर दिए।