संपूर्णानगर। थाना क्षेत्र के गांव सेमरी निवासी गुरनाम सिंह की 48 वर्षीय पत्नी मंजीत कौर संपूर्णानगर रोड पर सेमरी चौराहे के पास से दूध लेकर घर जा रहीं थीं। इस दौरान संपूर्णानगर की तरफ से पलिया जा रहे एक तेज रफ्तार टैंकर ने मंजीत को टक्कर मार दी। जिससे वह घायल हो गईं। घायल महिला को लोगों ने पलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजवाया, जहां से हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घर वाले जिला अस्पताल ले जा रहे थे कि रास्ते में महिला की मौत हो गई। उधर हादसे के बाद भाग रहे टैंकर समेत चालक को महंगापुर के निकट परसपुर चौकी पुलिस ने पकड़ लिया। परसपुर चौकी इंचार्ज मनोज कुमार सिंह ने बताया कि टैंकर को कब्जे में ले लिया गया है। चालक शराब के नशे में है, जिसका मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। घटना के बाद से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।