हैरमखेड़ा। मैगलगंज के निजामपुर गांव में रविवार को हुए राधा हत्याकांड के तीसरे दिन मंगलवार सुबह 10 बजे मृत राधा की अंत्येष्टि की गई। नाबालिग बच्चों गनेश और जगतराम ने ग्रामीणों के सहयोग से अंतिम संस्कार का इंतजाम किया। इस दौरान मैगलगंज थाना के सिपाही केपी यादव भी मौजूद रहे। अंत्येष्टि के बाद भी दोनों बच्चे डरे-सहमे दिखे, तो ग्रामीणों ने उन्हें ढाढंस बंधाया, लेकिन बच्चे घर पर रहने को राजी नहीं हुए। इसके बाद दोनों बच्चे अपने मामा मिताई दास और मौसी के साथ पश्चिम बंगाल के पुरसुंडा ईदिलपुर थाना खैरासुल जिला वीरभूमि के लिए रवाना हो गए। इससे पूर्व अंत्येष्टि के लिए कंडे निकालने पर उसमें एक झोला मिला, जिसमें तमाम कागजात छुपाकर मोहन रख गया था। इसमें तीन बैंकों की पासबुक मिली हैं, जिसमें लाखों रुपये जमा हैं। पुलिस ने बैंक खाता की जानकारी लेकर उन्हें सीज कराने की तैयारी शुरू कर दी है। ताकि फरार हत्यारोपी मोहन बैंक से पैसे न निकाल सके। यहां बता दें कि मोहन ने अपनी पत्नी राधा की हत्या कर दी थी।