17 एलकेएच 5
तस्करी कर लाई गई डेढ़ क्विंटल कालीमिर्च बरामद
तीन आरोपी गिरफ्तार, बरामद माल कस्टम टीम को सौंपा
लखीमपुर खीरी। सदर कोतवाली पुलिस ने सोमवार की रात नेपाल से तस्करी कर कार से लाई जा रही डेढ़ क्विंटल काली मिर्च बरामद कर तीन तस्करों को दबोचा है। पुलिस ने लिखा पढ़ी करने के बाद कस्टम चोरी करने के आरोप में तीनों आरोपियों को बरामद माल और कार के साथ कस्टम पलिया कलां को सौंप दिया।
इंस्पेक्टर केपी गौड़ ने बताया कि सोमवार की रात सदर कोतवाली में तैनात उपनिरीक्षक करुणेश शंकर शुक्ला हमराहियों के साथ गश्त पर थे। करीब ढाई बजे पुलिस चौकी संकटा देवी के पास लग्जरी कार को रोक लिया। कार की तलाशी लेने पर उसमें बोरियों में रखी डेढ़ क्विंटल काली मिर्च बरामद हुई। पुलिस ने जब उसमें सवार थाना फरधान के गांव कैमाहरा निवासी इमरान, चांद आलम और महताब से कालीमिर्च से संबंधित कागज मांगे तो वह नहीं दिखा सके। इस पर पुलिस कार को कब्जे में लेकर बरामद माल और तीनों आरोपियों के साथ कोतवाली आई। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पुलिस को बताया की वह लोग नेपाल से काली मिर्च की तस्करी करते हैं। जिसे लखीमपुर सहित जिले के अन्य बाजार में बेंचा जाता है।