लखीमपुर खीरी। शहर में चोरों के साथ झपट्टा मार गिरोह के सदस्य भी सक्रिय है। अस्पताल रोड पर स्कूटी सवार उचक्का गांव भीरा घासी निवासी कलीम अहमद का कीमती मोबाइल झपट्टा मारकर छीन लिया औैर भाग निकला। पीड़ित ने घटना की तहरीर पुलिस को दी है।
गांव भीराघासी निवासी कलीम अहमद जिला अस्पताल में कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार देर शाम वह अस्पताल से अपने घर पैदल जा रहे थे। अस्पताल गेट के पास ही एक स्कूटी सवार ने उनके हाथ पर झपट्टा मार दिया और कीमती मोबाइल छीनकर भाग निकला। उन्होंने बताया कि जिस स्थान पर घटना हुई। उस जगह पर दो-तीन सिपाही बैठे हुए थे। सिपाहियों ने उचक्के का पीछा भी किया, लेकिन वह हाथ नहीं आ सका। पीड़ित ने शुक्रवार को सदर कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।