सिंगाही खीरी(लखीमपुर खीरी)। खाद्य विभाग की टीम ने वृहस्पतिवार को गांव तकिया पुरवा में छापा मारकर केमिकल युक्त परवल बरामद की है, जबकि मिलावटखोर डीसीएम लेकर भागने में सफल रहे। मिलावट खोरों की एक बाइक मौके पर छूट गई, जिसे पुलिस ने कब्जे में लिया है। मौके पर काम करते मिले मजदूरों को पूछताछ करने के बाद पुलिस छोड़ दिया। परवल को हरे रंग में रंगने का गोरखधंधा गांव में काफी समय से चल रहा था।
एसडीएम अखिलेश यादव ने बताया कि मुखबिर ने तकिया पुरवा के गांव मुजहा पुरवा में परवल को हरा बनाने के लिए केमिकल में डालने की सूचना दी थी। जिस पर उन्होंने खाद्य निरीक्षक को पुलिस फोर्स के साथ छापा मारकर कार्रवाई के निर्देश दिए थे। एसडीएम के आदेश पर खाद्य निरीक्षक राकेश सिंह ने एसओ रामकुमार यादव के साथ मुजहापुरवा में छापेमारी की। इस दौरान बिना रंगी आधा बोरी और एक बोरा रंगीं परवल बरामद की। पुलिस को आते देख मिलावटखोर मौके से परवल से भरी पिकअप लेकर फरार हो गए। टीम ने उनका पीछा भी किया, लेकिन उनका पता नहीं चला। हालांकि धंधे में लिप्त एक व्यक्ति की बाइक मौके पर छूट गई, जिसे पुलिस ने कब्जे में लिया है। छानबीन के दौरान टीम को पता चला कि गुरुवार को भारी मात्रा में परवल डीसीएम में लदकर बाहर जाने वाली थी। खाद्य निरीक्षक ने बताया कि पिछले साल मुजहा के एक व्यक्ति पर मिलावट खोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। उसी ने दोबारा यह धंधा चालू किया है। मिलावट युक्त परवल खाने से लीवर, गुर्दा, फेफडे़ संबंधी आदि बीमारियां होती है।
---------------