ईसानगर (लखीमपुर खीरी)। ईसानगर थाना पुलिस ने तीन महीने पहले सराफ के घर पर डकैती और व्यापारियों के साथ हुई लूटपाट की घटना का खुलासा कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि तीन आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने तीनों आरोपियों से लूटे गए जेवर और नकदी बरामद होने का दावा किया है।
एसओ पीके सिंह ने बताया कि एसपी के आदेश पर वह एसआई राजपाल सिंह, आरक्षी हेमंत सिंह, शिवकुमार सिंह, रामकेवल यादव के साथ वांछितों की तलाश में थे। इसी दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि कटौली मार्ग पर बरदैहिया बाजार के पास कुछ अज्ञात लोग संदिग्ध परिस्थितियों में बैठे बात कर रहे हैं। सूचना पर पहुंची टीम ने घेराबंदी कर तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि तीन लोग मौके से भाग निकले। पकड़े गये बदमाशों ने अपना नाम साबिर, धारे उर्फ रामधार निवासी ग्राम त्रिकोलिया और रामपाल निवासी ग्राम मिर्जापुर थाना ईसानगर बताया। पुलिस ने तलाशी के दौरान तीनों के पास से तमंचा और चाकू बरामद किए। पूछताछ करने पर तीनों आरोपियोंने बताया कि 05 अप्रैल को मुखलिसपुर निवासी व्यापारियों से 84 हजार रुपये की लूटपाट और पहली जून को हसनपुर कटौली निवासी अजय कुमार के घर में डकैती डालने की बात स्वीकार की। पुलिस ने तीनों आरोपियों के कब्जे से एक जोड़ी सोने की झुमकी, चांदी की चेन, चार जोड़ी बिछिया, एक जोड़ी पायल, व्यापारी से लूटा गया 84 हजार रुपये में से पांच हजार रुपये बरामद किए हैं। एसओ ने बताया कि साबिर शातिर अपराधी है। उसके खिलाफ राहजनी मारपीट सहित 12 मुकदमे पहले से दर्ज हैं। धारे उर्फ रामधार पर पांच मामले दर्ज हैं। पुलिस ने तीनों आरोपियों का चालान कर दिया है।
---------------