ग्राम मल्लबेहड़ निवासी दिनेश के घर दिन के करीब दो बजे खाना बनाते समय चूल्हे की आग से छप्पर में आग लग गई। तेज धूप और हवाओं का साथ मिला तो आग भड़कते देर नहीं लगी। देखते देखते आग बेकाबू हो गई और कलामू, अखिलेश, महेश, रमेश समेत 32 लोगों के घर आग की चपेट में आ गए। घर से गृहस्थी का सामान निकालने के चक्कर में मची आपाधापी के बीच महेश के ऊपर घर की दीवार गिर गई। जबकि दूसरा युवक रमेश आग से बुरी तरह झुलस गया। लोगों ने फायर ब्रिगेड और तहसील को फोन से सूचना दी। तहसीलदार नीरज पटेल, राजस्व निरीक्षक और लेखपाल गांव पहुंचे। उन्होंने घायल और झुलसे युवक को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा। इसी बीच फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां भी मौके पर पहुंच गई। ग्रामीणों और अग्निशमन दल की मिली जुली कोशिश से करीब पांच बजे आग की लपटें शांत हुई। गांव में हुए भारी नुकसान को देखते हुए तहसीलदार ने शाम को अग्निपीड़ित परिवारों के लिए खाने की व्यवस्था कराई। उन्होंने बताया कि आपदा राहत कोष से मिलने वाली आर्थिक सहायता भी बुधवार तक परिवारों को दे दी जाएगी। अनुमान के मुताबिक आग से गांव में कई लाख का नुकसान हुआ है।