14एलकेएच 305, 306
हादसे में बच्चे की मौत के बाद बवाल
मोहम्मदी मार्ग पर शव रखकर लगाया जाम, डीसीएम फूंकी
एसडीएम के आश्वासन पर चार घंटे बाद जाम खुला
अमर उजाला ब्यूरो
भीखमपुर। थाना हैदराबाद के गांव आंवला निवासी 12 वर्षीय अमन की डीसीएम से कुचलकर मौत हो गई। हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने अनियंत्रित होकर खेत में पहुंची डीसीएम में आग लगा दी। जिससे वहां हड़कंप मच गया। पुलिस ने सड़क पर लाठियां फटकार कर भीड़ को तितर-बितर किया। बाद में भीड़ ने ब्रेकर बनवाने की मांग को लेकर शव मार्ग पर रख दिया और प्रदर्शन करने लगे। मौके पर पहुंची एसडीएम ने लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया। बवाल के चलते करीब चार घंटे मार्ग बंद रहा।
गांव आंवला निवासी पिंटू का पुत्र अमन बृहस्पतिवार की सुबह खेत से घास लेकर सड़क के किनारे आ रहा था। गांव के किनारे पहुंचते ही सुबह 11 बजे के करीब मोहम्मदी-लखीमपुर मार्ग पर लखीमपुर की ओर से आ रही डीसीएम ने पीछे से उसे जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें अमन की मौके पर ही मौत हो गयी। डीसीएम असंतुलित होकर दाहिनी ओर पास के खेत में चली गयी। हादसे के बाद बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई। बच्चे की मौत से गुस्साई भीड़ ने डीसीएम को आग लगा दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सड़क पर लाठियां फटकार कर भीड़ को तितर बितर किया और जैसे-तैसे डीसीएम में लगी आग को बुझाया। आक्रोशित भीड़ ने शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया और ब्रेकर बनवाने की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना पर मौके पर पहुंचे सीओ मोहम्मदी विजय आनंद ने भीड़ को समझाने का प्रयास किया, लेकिन भीड़ नहीं मानी। बाद में गोला एसडीएम पल्लवी मिश्रा मौके पर पहुंची और दो दिन के अंदर सड़क पर ब्रेकर बनवाने का आश्वासन दिया। तब जाकर लोग शांत हुए और जाम खोल दिया। करीब चार घंटे यातायात ठप रहने से मार्ग पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने डीसीएम चालक अशोक कुमार निवासी नवीपुर कला जिला हाथरस को हिरासत में ले लिया। डीसीएम बलरामपुर से हाथरस जा रही थी।