मोहम्मदी। कोतवाली पुलिस ने चोरी की 14 बाइक और एक कार बरामद कर तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। दो आरोपी भागने में सफल रहे।
सीओ निष्ठा उपाध्याय ने बताया कि शुक्रवार की रात सरैयां विलियम से कंधरापुर मार्ग पर वह लोग गश्त कर रहे थे। इसी बीच जंगल में कुछ हलचल दिखाई दी, जब पुलिस ने इन्हें ललकारा तो तीन अभियुक्त पकड़ में आ गए, जबकि दो फरार हो गए। गिरफ्तार अभियुक्तों में छैल बिहारी उर्फ छैलू उर्फ परविंदर, शब्बाक उर्फ जब्बार निवासी ग्राम कोट कुंभी थाना मोहम्मदी जबकि तीसरा अभियुक्त अनिल कुमार मूड़ा माफी मजरा तिलकपुर थाना मोहम्मदी का बताया गया जिनके पास चोरी की 14 बाइक और एक महेंद्रा जाइलो कार सफेद रंग की बरामद हुई।
सीओ ने बताया कि भुसौरिया थाना गोला के लालू उर्फ योगेंद्र और गिरधरपुर थाना महोली सीतापुर का सुनील मौका पाकर भाग निकले। गिरफ्त में आए अभियुक्त छैल बिहारी उर्फ छैलू एसपी खीरी द्वारा घोषित 25 हजार रुपये का इनामी अपराधी है। गिरफ्तार तीनों को न्यायालय में पेश किया गया जहां से तीनों को न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार भेज दिया गया। सीओ ने पुलिस टीम को बधाई देते हुए पांच हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।