फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

डाका, लूट, चोरी की घटनाओं से थर्राए जिलेवासी

विज्ञापन
विज्ञापन
लखीमपुर खीरी।
विज्ञापन

जिले में रविवार की रात पुलिस पर बदमाश हावी रहे। बदमाशों ने मोहम्मदी कोतवाली क्षेत्र के दो गांवों में पूर्व प्रधान समेत तीन घरों में जमकर लूटपाट की। विरोध करने पर महिलाओं समेत सभी की पिटाई की, जबकि गोला में लूट और चोरी की वारदात हुई। इसके अलावा चोरों ने भीरा में छह दुकानों और ईसानगर क्षेत्र में एक दुकान में चोरी की घटना को अंजाम दिया। इससे पुलिस की गश्त व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। ताबड़तोड़ घटनाओं से जिले के लोग थर्रा उठे हैं।


वारदात: एक
तीन घरों में डाला डाका, चार लाख के जेवर लूटे, दहशत
पुलिस बता रही महज चोरी की घटना, रिपोर्ट दर्ज नहीं
अमीरनगर। नकाबबोश करीब आठ बदमाश रविवार की रात करीब 11 बजे गांव बहेरापुर निवासी गुडडू के घर पड़ोस के जीने के सहारे घुस आए। बदमाशों ने बरामदे में सो रहे गुड्डू, उनकी पत्नी मंजू देवी, पुत्री वंदना, अर्चना, निधि और कमरे में सो रहीं उनकी मां मां रामबेटी को गन प्वाइंट पर लेकर कब्जे में कर लिया। शोर मचाने पर गोली मार देने की धमकी देकर सभी को एक कमरे में बंद कर दिया। गुड्डू की पत्नी ने जब बंधक बनाने का विरोध किया तो बदमाशों ने उसकी पिटाई कर दी। बदमाश चार जोड़ी पायल, एक जोड़ी झाला, एक जोड़ी कुंडल ले गए।
विज्ञापन

दूसरी घटना इस गांव से करीब एक किलोमीटर दूर स्थित गांव मूड़ाखालसा में हुई। पूर्व प्रधान रामसहाय के घर बदमाशों ने रात करीब 12 बजे धावा बोल दिया। बदमाशों ने छप्पर के नीचे सो रहे पूर्व प्रधान, उनकी पत्नी रामप्यारी समेत परिवार के सभी लोगों को बंधक बना लिया। दो बदमाश उनके पास तमंचा ताने खड़े रहे, जबकि अन्य बदमाशों ने तीन कमरों के ताले तोड़ दिए और करीब तीन लाख के जेवर लूट ले लिए। जाते समय बदमाशों ने परिवार के सभी सदस्यों को कमरे में बंद कर दिया और भाग निकले। पूर्व प्रधान रामसहाय ने बताया कि सभी बदमाश नकाबपोश थे, जिनकी संख्या सात थी।
इसके बाद बदमाश गांव के ही रामनिवास के घर घुस गए और उसकी पत्नी ममता देवी के कानों से कुंडल नोच लिए। विरोध करने पर ममता देवी से बदमाशों ने हाथापाई भी की। दंपति के शोर मचाने पर गांव में जाग हो गई, इस पर बदमाश भाग निकले। ग्रामीणों ने पूर्व प्रधान के परिवार वालों को बंधन मुक्त कराया। पूर्व प्रधान के पुत्र वीरेंद्र कुमार ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना के करीब पौन घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घेराबंदी करने की बजाय पीड़ितों से ही पूछताछ करती रही है। प्रभारी कोतवाली प्रभारी डीके सिंह ने बताया कि चोरी की घटना हुई है। जांच की जा रही है।

वारदात: दो
चौकीदार को बंधक बनाकर नकदी-बाइक लूटी
रजागंज। गोला कोतवाली क्षेत्र के गांव बिझौली निवासी राजकुमार सिंह(50) अलीगंज के कुसमौरी निवासी विनोद पंडित(42) देर शाम ब्लॉक पर बैठे थे, जबकि ब्लॉक इंचार्ज रामपाल सिंह दिवाली की छुटटी पर घर गए थे। उनके कमरे की अलमारी में निजी कैश 32000 रुपया और बाइक भी वहीं थी। तीन लुटेरों ने तमंचे के बल पर चौकीदारों को बंधक बनाकर पिटाई की। बदमाश नकदी समेत बाइक लूट ले गये। बदमाशों की पिटाई से राजकुमार सिंह को गंभीर चोटें आई हैं। लुटेरों के जाने के बाद चौकीदारों ने शोर मचाया तो 10 नंबर, आठ ब्लॉक के चौकीदार शिवकुमार ने पहुंचकर घटना की जानकारी फार्म मैनेजर को दी। मैनेजर ने लूट की सूचना कोतवाली पुलिस को दे दी है।


वारदात: तीन
सरेशाम मकान का ताला तोड़कर हजारों चोरी

गोला गोकर्णनाथ। बेखौफ चोर अब रात का भी इंतजार नहीं करते। मोहल्ला सर्वोदय नगर में 22 की शाम अशोक कुमार टंडन के मकान का ताला तोड़कर चोर 20 हजार रुपये नकद, सोने की दो चेन, सोने की दो अंगूठी और एक जोड़ी कान की बाली चोरी कर ले गए। अशोक कुमार टंडन ने बताया कि उनकी पत्नी उमा टंडन और पुत्र और पुत्रवधू भैया दूज पर रिश्तेदारी में गए थे। वह भी 22 अक्तूबर को अपने मकान में ताला डाल कर विकास चौराहा स्थित अपनी दुकान पर चले गए। शाम को लगभग आठ बजे जब वह दुकान से वापस लौटे तो मेन गेट खुला देखकर वह दंग रह गए। पीड़ित ने घटना की तहरीर पुलिस को दी है।

वारदात : चार
करनपुर में भी हुई चोरी
गोला गोकर्णनाथ। कोतवाली क्षेत्र के गांव करनपुर मुर्तिहा में रविवार की रात चोर गांव निवासी फारुख खां के घर के बाड़े में खड़े ट्रैक्टर का बैटरा, सेल्फ, अल्टीनेटर, टिल्लूपंप और उनके पड़ोस में भतीजे जलीस खां के मकान के बाहर खड़े ट्रैक्टर का बैटरा खोल ले गए।

वारदात पांच
ईसानगनर में पुलिस पिकेट के पास दुकान में चोरी
धौरहरा खीरी। थाना ईसानगर क्षेत्र के गांव रुद्रपुर सालिम निवासी अनिल कुमार की सिसैया चौराहा के पास मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान है। दुकान से महज तीन सौ मीटर की दूरी पर पुलिस पिकेट है। रविवार की रात चोरों ने दुकान का शटर तोड़ दिया और दुकान में रखा इंवर्टर, बैटरा, सोलर प्लेट और एक हजार रुपये नकद सहित करीब 50 हजार रुपये का सामान चोरी कर ले गए। पड़ोस की यादव बैट्री सर्विस का भी शटर तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन कामयाब नहीं हो सके। एसओ ईसानगर प्रमोद कुमार मिश्रा ने बताया की तहरीर मिली है। मामले की जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज होगी ।

वारदात: छह
मंदिर से हजारों की चोरी
मोहम्मदी। कोतवाली पसगवां के मोहम्मदपुर ताजपुर चौकी क्षेत्र के गांव नीउली के एक मंदिर से चार डेग मशीन और पूजा के करीब 1200 नकद उठा ले गए। पुजारी महात्मा रामप्रसाद गिरि ने चौकी इंचार्ज को प्रार्थना पत्र देकर चोरी के खुलासे की मांग की है। पुजारी का कहना है कि चोरी रविवार की रात में हुई। उस समय वह मंदिर परिसर में नहीं थे।



वारदात: सात
पुलिस गश्त करती रही, चोर छह दुकानों से माल उड़ा ले गए
बिजुआ। भीरा कस्बे एवं थाना क्षेत्र में राजमार्ग के किनारे रेलवे की जगह पर कई दुकानें बनी हुई हैं। इन दुकानों की छतें रेलवे विभाग के विरोध के चलते नही डाली जा सकती है, इसलिए दुकानों पर सीमेंट की सीट पड़ी हैं। इन दुकानों के पीछे रेलवे की जगह पर झाड़ी खड़ी हुई है। रविवार की रात चोरों ने बब्लू डीजल्स, इखलाक ऑटोमोबाइल्स, बरकाती फर्नीचर्स, बब्लू इलेक्ट्रानिक्स, शाहिद बक्शा हाउस, प्रदीप अबरोल की दुकान की छत तोड़ दी और अंदर घुस गए। चोर बब्लू डीजल्स से करीब 16 हजार रुपये के पार्ट्स, इखलाक के 85 सौ रूपये नकद, बब्लू इलेक्ट्रानिक्स से बिजली के उपकरण का सामान चोरों ने पार कर दिया। बरकाती स्टील फर्नीचर्स के मालिक ने अपनी दुकान से 60 हजार रुपये नकदी के साथ 40 हजार रुपये के गद्दे व सामान पार किये जाने की तहरीर दी है। पुलिस ने इखलाक की ओर से दुकान में चोरी किए जाने का मामला दर्ज कर बाकी सभी दुुकानों की छत काट कर चोरी का प्रयास का मामला दर्ज किया है। भुक्तभोगियों के अनुसार इस मार्केट में पहले भी कई बार चोरी हुई हैं, पुलिस गश्त और यूपी 100 के चौराहे पर रहने के दावे करती है लेकिन चोरों पर इसका कोई असर नही।

चोरी की घटना एक दुकान से हुई है, बाकी दुुकानों से छत काटकर चोरी का प्रयास किया गया। मामले में मुकदमा लिखकर कारवाई की जा रही है।
संदीप सिंह, थानाध्यक्ष भीरा।


चोरों का पांच दुकानों पर धावा
हजारों की नकदी चुरा ले गए
पुलिस की गश्त पर चोरों ने उठाए सवाल
अमर उजाला ब्यूरो
पलिया-भीरा।
चोरों ने भीरा के मुख्य चौराहे पर स्थित पांच दुकानों पर धावा बोलकर हजारों की नगदी पर हाथ साफ कर दिया। बता दें कि पलिया रोड पर पुलिस पोस्ट होने तथा रात्रि गश्त होने के बाद भी चोरी की घटना से पुलिस पर भी सवालिया निशान उठने लगे हैं।
भीरा कस्बे के मुख्य चौराहे पर मैलानी रोड पर पंजाबी मार्केट में बीती रात चोरों ने लाइन से स्थित दुकानों पर धावा बोला। सबसे पहले बाबू बरकाती की दुकान की छत पर लगी टिन काटकर चोर अंदर घुसे और फाम के आठ गद्दे चोरी करने के साथ ही गल्ले में रखे 60 हजार रुपये ले गए। पीड़ित बाबू ने बताया कि दीपावली पर दुकान बंद होने के कारण नगदी दुकान में ही रखी हुई थी। पास में ही स्थित बबलू स्पेयर पार्ट्स की दुकान से 85 सौ रुपये और लगभग बीस हजार रुपये के स्पेयर पार्ट्स ले गए।
विज्ञापन

सादिक बक्शा वाले तथा केशव चंद्र अबरोल की दुकान के साथ ही बबलू इलेक्ट्रानिक की दुकानों की छतों पर स्थित टिन काटकर चोरी का प्रयास किया गया, लेकिन सामान भारी होने के कारण चोर इसे ले जा नहीं सके। बता दें कि पलिया रोड पर पुलिस पोस्ट होने के साथ ही गश्त का दावा करने वाली पुलिस को चोरों ने खुली चुनौती दी है। सभी चोरियों की तहरीर पीड़ितों ने पुलिस को दे दी गई है।
एसओ संदीप सिंह ने बताया कि चोरियों की रिपोर्ट दर्ज हो चुकी है, मौका मुआयना करने के बाद पुलिस ने छानबीन भी शुरू कर दी है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें