सोमवार को सूखी नहर में बेहोशी की हालत में पड़े मिले प्रेमी युगल की मौत का कारण पोस्टमार्टम में स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस ने विसरा सुरक्षित कर जांच के लिए भेजा है। उधर, किशोरी का मंगलवार को और किशोर का बुधवार को गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया गया।
क्षेत्र के एक ही गांव निवासी हमउम्र पड़ोस के रहने वाले किशोर और किशोरी एक दूसरे से प्रेम करते थे। नौ दिसंबर को दोनों परिवार वालों की नजरों से बचकर लापता हो गए थे। सोमवार की शाम करीब छह बजे दोनों गांव के उत्तर की तरफ स्थित नहर के किनारे बेहोशी की हालत में पड़े मिले थे। दोनों को सीएचसी में भर्ती कराया गया था। सीएचसी में किशोरी की मौत हो गई और किशोर को जिला अस्पताल में भेजा गया। इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। मंगलवार को दोनों का पोस्टमार्टम हुआ। मंगलवार की शाम करीब सात बजे किशोरी का शव गांव लाया गया। रात में ही उसके पिता ने चिता को आग लगाई। किशोरी के शव के करीब दो घंटे बाद किशोर का शव लाया गया। रात अधिक होने के कारण बुधवार दोपहर उसका अंतिम संस्कार हुआ। एसओ अजय यादव ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। इसलिए विसरा सुरक्षित कर जांच के लिए भेजा गया है।