लखीमपुर खीरी/ओयल। आपसी कलह के चलते सोमवार को एक महिला ने घर के अंदर साड़ी के फंदे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पति को हिरासत में लिया है।
रिपोर्टिंग चौकी ओयल क्षेत्र के ग्राम खानपुर गुरेला निवासी रंजीत की पत्नी सीमा(30) ने आपसी विवाद से नाराज होकर सुबह करीब नौ बजे अपने घर के अंदर फांसी लगाकर जान दे दी। इससे घर में चीखपुकार मच गई। सूचना पर चौकी प्रभारी मनोज कुमार भी पहुंच गए। मृतका के मौसेरे भाई कसरैला लहरपुर (सीतापुर) निवासी नेकराम ने बताया कि पति दूसरी लड़की के चक्कर में उसकी बहन सीमा को आए दिन मारता-पीटता था। इससे परेशान होकर सीमा ने आत्महत्या कर ली। उन्होंने पति समेत अन्य ससुरालियों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। चौकी प्रभारी ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। आरोपी पति को पुलिस ने हिरासत में लिया है।